BMC Election 2026: उद्धव की शिवसेना और राज ठाकरे की MNS में हुआ गठबंधन, सीट-शेयरिंग में किसको मिली कितनी सीटें
BMC Election 2026: मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत कुल 29 नगर निगम चुनावों के लिए उद्धव ठाकरे की शिवसेना और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने अधिकारिक घोषणा कर दी है। लगभग 20 साल बाद एक साथ आए ठाकरे बंधुओं ने मुंबई में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस नई राजनीतिक साझेदारी का औपचारिक ऐलान किया। इसके साथ ही ठाकरे ब्रदर्स की राजनीतिक पार्टियों के बीच सीट-बंटवारा तय हो चुका है।
महाराष्ट्र में हाल ही में संपन्न हुए स्थानीय निकाय चुनावों में मिली करारी हार के बाद उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (यूबीटी) और राज ठाकरे की एमएनएस ने आगामी बीएमसी समेत कुल 29 नगर निगम चुनावों के लिए गठबंधन किया है। याद रहे एक दिन पहले ही सांसद संजय राउत ने ट्वीट कर इस गठबंधन की पुष्टि कर दी थी।

सीट शेयरिंग फॉर्मूला हुआ तय, कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा चुनाव?
मिली जानकारी के मुताबिक, बीएमसी चुनाव के लिए शिवसेना (ठाकरे गुट) और मनसे के बीच सीट-बंटवारे का फॉर्मूला लगभग फाइनल हो चुका है। मुंबई के कुल 227 वार्डों में से, ठाकरे गुट 145 से 150 सीटों पर लड़ेगा, जबकि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना को 65 से 70 सीटें मिलेंगी। वहीं, शरद पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी गुट के लिए 10 से 12 सीटें छोड़ी गई हैं।
उद्धव ठाकरे गुट ने MNS को दी अपनी जीती हुई सीटें
ठाकरे गुट ने 2017 के चुनाव में जीतीं लगभग 12-15 सीटें मनसे को दी हैं। वजह यह है कि इन सीटों के ज्यादातर पूर्व पार्षद अब एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में ठाकरे गुट के पास यहां दमदार उम्मीदवार नहीं हैं, जबकि मनसे के पास सशक्त प्रत्याशी उपलब्ध हैं।
अभी तक क्यों नहीं की थी गठबंधन की घोषणा
कई दिनों से भांडुप, कांदिवली, बोरीवली और मुलुंड जैसे क्षेत्रों के कुछ वार्डों को लेकर सीट-बंटवारे का गतिरोध बना हुआ था। मनसे प्रमुख राज ठाकरे का स्पष्ट मत था कि गठबंधन की आधिकारिक घोषणा तभी हो, जब सभी सीटों का बंटवारा पूरी तरह से तय हो जाए। अब यह गतिरोध समाप्त हो गया है और सीटों का अंतिम निर्धारण कर लिया गया है, जिसके बाद कल घोषणा होगी।
राज ठाकरे ने मनसे के पदाधिकारियों और नेताओं को सख्त हिदायत दी थी कि जब तक संपूर्ण सीट-बंटवारा तय न हो जाए, तब तक गठबंधन की घोषणा न की जाए। उनकी भूमिका स्पष्ट थी कि मनचाही सीटें न मिलने तक युति की घोषणा नहीं होनी चाहिए।
ठाकरे ब्रदर्स ने सुलझाया विवाद
बीते सोमवार की रात मातोश्री में मनसे और ठाकरे गुट के नेताओं के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस दौरान शिवड़ी और दादर की सीटों का विवाद तो सुलझा लिया गया, लेकिन भांडुप, विक्रोली और पश्चिमी उपनगरों की कुछ अन्य सीटों को लेकर दोनों गुटों में खींचतान जारी रही, जिससे सीटों का अंतिम निर्धारण विलंबित हुआ।
बीएमसी चुनाव में नामांकन की अंतिम तारीख क्या है?
बीएमसी चुनाव के लिए बुधवार से नामांकन पत्र भरने शुरू होंगे, जिसकी अंतिम तिथि 31 दिसंबर है। ठाकरे गुट और मनसे के इच्छुक उम्मीदवार पार्टी से 'एबी फॉर्म' मिलने का इंतजार कर रहे हैं। सीट-बंटवारे में देरी से प्रत्याशियों की घोषणा देर से होती, जिससे उन्हें प्रचार के लिए कम समय मिलता। इससे दोनों दलों को नुकसान होने का अंदेशा था। अब गठबंधन घोषणा के साथ 'एबी फॉर्म' का वितरण भी शुरू हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications