Mira Road Case: मुंबई लिव इन पार्टनर की हत्या के बाद महिला आयोग का बड़ा कदम, सेल्फ डिफेंस कैंप शुरू करेंगे
Mumbai live-in Partner Murder Case: 32 वर्षीय महिला की उसके लिव-इन पार्टनर द्वारा निर्मम हत्या पर महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि हम महिलाओं को आत्मरक्षा सिखाने के लिए शिविर आयोजित करना चाहते हैं।

Mira Road Murder case: दिल्ली के श्रद्धा वॉकर जैसे वीभत्स हत्याकांड को फिर एक बार दोहराया गया है। मुंबई में 52 साल के शख्स ने 32 वर्षीय अपनी लिव इन पार्टनर की पेड़ काटने वाली आरी से टुकड़े-टुकड़े करते हुए मौत के घाट उतार दिया। शव के टुकड़ों की दुर्गंध ना आए इसके लिए उसने उनको कुकर में उबाला। इस घटना को जिसने भी सुना उसके रोंगटे खड़े हो गए।
वहीं अब इस मामले पर महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की सदस्य अधिवक्ता गौरी छाबड़िया का बयान आया है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही भयानक है। इस तरह के मामलों से मन विचलित हो उठता है। आरोपी ने 4 जून को शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए थे। पुलिस उस राशन की दुकान पर जांच कर रही है, जहां आरोपी काम करता था।
सेल्फ डिफेंस कैंप शुरू करेंगे
गौरी छाबड़िया ने कहा कि हम महिलाओं को आत्मरक्षा सिखाने के लिए शिविर आयोजित करना चाहते हैं। जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम मनोज साने है, जिसे कोर्ट ने 16 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मनोज साने और सरस्वती वैद्य बीते 3 साल से मीरा रोड में लिव इन रिलेशन में रह रहे थे। दोनों की बोरीवली की एक राशन की दुकान पर मुलाकात हुई थी।
इधर, फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम क्राइम लोकेशन पर पहुंची, जहां आरोपी मनोज साने ने कथित तौर पर अपनी 32 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की हत्या की। आरोपी ने ठाणे के मीरा भायंदर में एक अपार्टमेंट में सरस्वती के शरीर के टुकड़े कर दिए थे।
पुलिस को मौके पर मिले शव के टुकड़े
सरस्वती वैद्य एक अनाथ लड़की थी। वसई-विरार पुलिस ने घटना को लेकर बताया कि सोसाइटी के एक फ्लैट से बदबू आने की सूचना मिली। पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर देखा तो किचन में काफी सारे बर्तनों और बाल्टी में शव के टुकड़े मिले।
पड़ोसी ने बताया आ रही थी बदबू
कपल के पड़ोसी ने बताया, "वे कभी किसी त्योहार पर बाहर नहीं आते थे। हमें चूहे के मरने जैसी बदबू आ रही थी। मैं बुधवार को जब उनके घर गया तो उन्होंने घर नहीं खोला लेकिन रूम फ्रेशनर डाल दिया और फिर बैग लेकर बाहर निकले, उनके शरीर से भी वही बदबू आ रही थी, तब हमें शक हुआ।"












Click it and Unblock the Notifications