महाराष्ट्र सरकार का बड़ा ऐलान, अब पुलिस भर्ती के लिए ट्रांसजेंडर भी कर सकेंगे आवेदन
महाराष्ट्र में पुलिस भर्ती के लिए अब ट्रांसजेंडर भी फॉर्म भर सकेंगे। इस बात की जानकारी महाराष्ट्र सरकार बॉम्बे हाईकोर्ट को दी।

महाराष्ट्र के ट्रांसजेंडर के लिए बड़ी खबर है। अब वे भी पुलिस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को बॉम्बे हाई कोर्ट से कहा कि ट्रांसजेंडर पुलिस कॉन्स्टेबल पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं और फरवरी 2023 तक उनके फिजिकल टेस्ट के लिए मानक भी तय कर दिए जाएंगे।
आपको बता दें कि बॉम्बे हाईकोर्ट मुख्य न्यायाधीश दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति अभय आहूजा की खंडपीठ ने राज्य सरकार को ट्रांसजेंडर्स को भर्ती के लिए नियम बनाने को कहा था। सरकार की तरफ से उपस्थित महाधिवक्ता आशुतोष कुंभकोनी ने शुक्रवार को पीठ को बताया कि सरकार ऑनलाइन आवेदन पत्र में 'लिंग' श्रेणी में ट्रांसजेंडरों के लिए तीसरी ड्रॉप डाउन शामिल करने के लिए अपनी ऑनलाइन वेबसाइट में ऑप्शन देगी।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस के 2 पदों ट्रांसजेंडरों के लिए खाली रखेगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि सभी के लिए फॉर्म भरने की तारीख भी बढ़ा दी गई है। अब अभ्यर्थी 15 दिसंबर तक फॉर्म भर सेंगे। वहीं, 13 दिसंबर को वेबसाइट में थर्ड जेंडर का ऑप्शन दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फिजिकल टेस्ट का नियम बनने के बाद थर्ड जेंडर का फिजिकल टेस्ट लिया जाएगा। इस दौरान लिखित टेस्ट भी लिया जाएगा।
आपको बता दें कि अदालत ट्रिब्यूनल के आदेश के खिलाफ महाराष्ट्र सरकार की तरफ से दायर एक याचिका पर सुनवाई कर रही थी। ट्रिब्यूनल की तरफ से थर्ड जेंडरों की भर्ती के लिए राज्य सरकार को नियम बनाने का निर्देश दिया गया था। वहीं, हाईकोर्ट ने जिन दो ट्रांसजेंडरों की तरफ से याचिका दायर की गई थी, उन्हें ऑफलाइन फॉर्म भी जमा करने का आदेश दिया है।
इससे पहले महाराष्ट्र प्रशासनिक ट्रिब्यूनल ने दो ट्रांसजेंडरों की तरफ से दायर आवेदनों पर सुनवाई करते हुए 14 नवंबर को राज्य सरकार को गृह विभाग के तहत सभी भर्तियों के लिए आवेदन पत्र में 'पुरुष' और 'महिला' के अलावा ट्रांसजेंडरों के लिए तीसरा विकल्प बनाने का निर्देश दिया था। साथ ही ट्रिब्यूनल ने ट्रांसजेंडरों के फिजिकल टेस्ट के लिए एक नियम भी बनाने को कहा था।
ये भी पढ़ें- दो ट्रांसजेंडर ने भारत में रचा इतिहास, पहली बार बनीं सरकारी डॉक्टर












Click it and Unblock the Notifications