Maharashtra Politics: सप्ताह में दूसरी बार मिले उद्धव और राज ठाकरे, BMC चुनाव से पहले क्या हुई बात?
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने रविवार, 12 अक्टूबर को अपने चचेरे भाई और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे के मुंबई स्थित आवास मातोश्री का पहुंचे। यह एक सप्ताह के भीतर उनका दूसरा दौरा था, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।
जब पत्रकारों ने इस मुलाकात के पीछे के मकसद के बारे में पूछा, तो राज ठाकरे ने संक्षिप्त रूप से कहा, "मेरी मां मेरे साथ हैं।" उनका यह बयान इस बात का संकेत था कि यह एक पारिवारिक मिलन था, लेकिन यह मुलाकात बृहनमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों से पहले दोनों भाइयों के संभावित गठबंधन की अटकलों के बीच हुई है।

राज ठाकरे ने पिछले रविवार को भी मातोश्री का दौरा किया था। तब वह शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के परिवार के एक समारोह में शामिल हुए थे। कभी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रहे ये दोनों चचेरे भाई, 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद से सुलह के संकेत दे रहे हैं।
पिछली बार उद्धव ठाकरे अकेले ही राज ठाकरे के शिवतीर्थ निवास पर उनसे मिलने गए थे। लेकिन इस बार राज ठाकरे पूरे परिवार के साथ उद्धव ठाकरे के मातोश्री निवास पहुंचे, जो उनके संबंधों में बढ़ती मजबूती को दर्शाता है। इस बीच, स्थानीय निकाय चुनावों के लिए मनसे और ठाकरे सेना के बीच गठबंधन की चर्चाएँ तेज हो गई हैं।
कई वर्षों तक अलग रहने के बाद, दोनों भाइयों के बीच अब नजदीकियां बढ़ रही हैं और एक सीधे राजनीतिक गठबंधन की संभावना पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, शिवसेना (यूबीटी) और मनसे ने अभी तक बीएमसी चुनावों के लिए किसी गठबंधन की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके नेताओं ने ऐसे गठबंधन की पुष्टि की है।
ठाकरे बंधुओं की हालिया मुलाकातें राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा का विषय बनी हुई हैं। 5 जुलाई, 2025 को मराठी भाषा के विजय मेळावा में उद्धव और राज ठाकरे एक ही मंच पर नजर आए थे। इसके बाद, 27 जुलाई, 2025 को मराठी भाषा मेळावे के बाद दोनों के बीच दूरियाँ कम हुईं और राज ठाकरे उद्धव ठाकरे के जन्मदिन पर मातोश्री पहुँचे।
27 अगस्त, 2025 को करीब दो दशकों बाद उद्धव ठाकरे गणेशोत्सव के अवसर पर राज ठाकरे के शिवतीर्थ निवास पर पहुंचे, जिससे राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात की चर्चा और तेज हो गई। 10 सितंबर, 2025 को गणेशोत्सव के मौके पर एक और मुलाकात हुई, लेकिन बात अधूरी रह गई। इसके बाद उसी महीने उद्धव ठाकरे अपने परिवार के साथ शिवतीर्थ निवास पर फिर से गए।
स्थानीय निकाय और पालिका चुनावों में गठबंधन की अटकलों के बीच, 5 अक्टूबर, 2025 को ठाकरे बंधु तीन महीने में पांचवीं बार शिवसेना सांसद संजय राउत के पोते के नामकरण समारोह में परिवार सहित एक साथ देखे गए। 12 अक्टूबर, 2025 को राज ठाकरे अपनी माता के साथ उद्धव ठाकरे के मातोश्री स्थित निवास पर स्नेहभोजन कार्यक्रम में शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications