'शरद पवार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, लेकिन...': अजित पवार के इस फॉर्मूले से टूटने से बचेगी NCP?
महाराष्ट्र की राजनीति में अजित पवार की वजह से रविवार को जो राजनीतिक भूकंप आया, उससे एनसीपी बुरी तरह हिली हुई है। पार्टी चीफ शरद पवार की ओर से ताबड़तोड़ ऐक्शन हो रहे हैं। लेकिन, अजित पवार गुट फिलहाल शपथग्रहण वाले ऐतिहासिक ऐक्शन के बाद ज्यादा नकारात्मक प्रतिक्रियाओं से परहेज कर रहा है।
सोमवार को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार ने प्रेस कांफ्रेंस में जो कुछ कहा है, उससे यही लगता है कि वह अभी भी चाचा को सुलह का एक अंतिम मौका देना चाहते हैं। शायद उन्हें लग रहा है कि अभी भी बीच का कोई रास्ता निकल सकता है। हालांकि, तथ्य यह है कि शरद पवार का गुट अजित पवार समेत 9 एमएलए को अयोग्य ठहराने के लिए स्पीकर तक भी पहुंच चुका है।

शरद पवार को अजित पवार का सकारात्मक संदेश
बहरहाल, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की सरकार में डिप्टी सीएम बनने के एक दिन बाद अजित पवार ने यह कहकर कि शरद पवार अभी भी एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, एक सकारात्मक संकेत देने की कोशिश की है। जब उनसे पूछा गया कि क्या पार्टी कोई नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को नियुक्त करेगी, तो उन्होंने कहा, 'क्या आप भूल गए हैं कि शरद पवार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं?'
आपसी सहमति से फैसले लिए जाने की वकालत
अजित पवार गुट का कहना है कि वह चाहते हैं कि आपसी सहमति से फैसले लिए जाएं। उनका कहना है कि आपसी सहमति नहीं हो पाने की स्थिति में चुनाव आयोग फैसला लेगा। इनकी ओर से कहा गया है कि दो फाड़ होने की स्थिति में दोबारा चुनाव की स्थिति बनेगी, जो वे नहीं चाहते।
पार्टी का विस्तार कर रहे हैं- अजित गुट
जबकि, शरद पवार की ओर से प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे जैसे नेताओं को पार्टी-विरोधी गतिविधियों के आरोप में निकाल दिया गया है। जबकि, पटेल को खुद शरद पवार ने ही पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। वहीं पार्टी सांसद तटकरे एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव पद पर थे। वहीं, अजित पवार गुट की ओर कहा गया है कि वह पार्टी से किसी को निकाल नहीं रहे हैं, बल्कि पार्टी का विस्तार कर रहे हैं।
हालांकि, इनके गुट की ओर से जयंत पाटिल को एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष पद से मुक्त कर दिया गया है और यह जिम्मेदारी सुनील तटकरे को सौंपी गई है। वहीं अजित पवार को सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल का नेता घोषित किया गया है। यह घोषणा प्रफुल्ल पटेल की ओर से की गई है, जिन्हें शरद पवार ने पार्टी से निकाल दिया है।
अजित गुट ने 5 जुलाई को बुलाई अहम बैठक
इनके अलावा अजित पवार गुट की ओर से अनिल पाटिल को पार्टी का चीफ व्हिप, रूपाली चाकणकर को प्रदेश महिला यूनिट का अध्यक्ष और सूरज चव्हाण को युवा एनसीपी का प्रमुख नियुक्त किया गया है। उधर सुनील तटकरे ने 5 जुलाई को पार्टी की एक अहम बैठक एमईटी संस्थान में बुलाई और सभी से गुजारिश की है कि उसमें जरूर उपस्थित हों।
इस तरह से अजित पवार गुट की ओर से शरद पवार को साफ संदेश है कि आप राष्ट्रीय अध्यक्ष बनकर पार्टी का मार्गदर्शन करते रहें, लेकिन संगठन की जिम्मेदारी उनपर छोड़ दें। इसकी मांग वह पहले उनके सामने भी पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में भी कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications