महाराष्ट्र सियासी संकट: पूर्व सीएम फडणवीस ने की फ्लोर टेस्ट की मांग, राज्यपाल से की मुलाकात
मुंबई, 28 जून: महाराष्ट्र में जारी सियासी भूचाल के बीच बीजेपी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से राजभवन में मुलाकात की। इस दौरान फडणवीस ने राज्यपाल से राज्य विधानसभा में फ्लोर टेस्ट की मांग की। पूर्व सीएम ने राज्यपाल को बताया कि उद्धव सरकार के पास विधानसभा में बहुमत नहीं है।

राज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्यपाल को ई-मेल के जरिए और प्रत्यक्ष तौर पर हमने पत्र दिया है, जिसमें कहा है कि राज्य में जो परिस्थिति दिखाई पड़ती है, इसमें शिवसेना के 39 विधायक बाहर हैं और लगातार कह रहे हैं कि हम कांग्रेस, NCP की सरकार में नहीं रहना चाहते। इसका मतलब यह है कि 39 विधायक सरकार के साथ नहीं हैं या महाविकास अघाड़ी को समर्थन नहीं देना चाहते।
अपने बयान में पूर्व सीएम ने आगे कहा कि राज्यपाल को हमने कहा है क्योंकि सरकार अल्पमत में दिखाई पड़ती है, इसलिए तुरंत सरकार को निर्देश दिया जाए कि मुख्यमंत्री फ्लोर टेस्ट करें और अपना बहुमत साबित करें। आपको बता दें कि मंगलवार को इससे पहले दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की थी।
गौरतलब है कि उद्धव सरकार में मंत्री एकनाथ शिंदे ने महा विकास अघाड़ी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। शिंदे के साथ 42 से ज्यादा विधायक गुवाहाटी के होटल में डेरा डाले हुए हैं। उनकी मांग है कि शिवसेना अपना गठबंधन तोड़कर फिर से बीजेपी के साथ आए।












Click it and Unblock the Notifications