Maharashtra: अंबेडकर जयंती मनाने के लिए दलित व्यक्ति की हत्या, महाराष्ट्र के नांदेड़ की घटना
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है जहां एक दलित व्यक्ति की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई क्योंकि उसने 14 अप्रैल को अंबेदकर जयंती मनाई थी।

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में डॉ. बी आर अंबेडकर की जयंती मनाने के लिए 24 वर्षीय एक दलित व्यक्ति की कथित तौर पर हत्या करने के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। घटना दो दिन पहले बोंदर हवेली गांव की है।
मृतक की पहचान अक्षय भालेराव के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि भालेराव गुरुवार शाम को जब गुजर रहे थे उसी समय तथाकथित ऊंची जाति के कुछ लोग शादी का जश्न मना रहे थे और उनमें से कुछ तलवारें लिए हुए थे।
अधिकारी ने कहा कि भालेराव और उनके भाई आकाश को देखकर उनमें से एक ने कथित तौर पर कहा कि इन लोगों ने गांव में अंबेडकर जयंती मनाई है इसलिए इन्हें मार देना चाहिए।
अधिकारी ने कहा कि कुछ देर बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई फिर तथाकथित ऊंची जाति के लोगों ने अक्षय भालेराव की पिटाई की और चाकू मारकर हत्या कर दी। उसके भाई को भी पीटा गया। अक्षय भालेराव को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन भर्ती करने से पहले ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications