Maharashtra: MSRTC ने त्यौहारी सीजन में यात्रियों को दिया झटका, महंगा कर दिया इतने फीसदी बस किराया
MSRTC hikes fares during festive season: महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) ने त्योहारी सीजन के मद्देनजर किराए में 10% की वृद्धि की घोषणा की है, जिससे आम यात्रियों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। बाढ़ से प्रभावित नागरिकों के लिए यह बढ़ोतरी एक और झटका मानी जा रही है, खासकर उन लोगों के लिए जो दिवाली पर अपने गृहनगर लौटने की योजना बना रहे हैं।
यह किराया वृद्धि विशेष रूप से दिवाली के लिए लागू की गई है। मुंबई, पुणे और अन्य बड़े शहरों में काम करने वाले यात्रियों को अपने घरों तक पहुंचने के लिए अब अधिक भुगतान करना होगा। सूत्रों के अनुसार, यह बढ़ोतरी 15 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच प्रभावी रहेगी, जिससे MSRTC को इस दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों से काफी आर्थिक लाभ मिलने की उम्मीद है।

क्या MSRTC की सभी बसों का किराया बढ़ा?
MSRTC ने जनवरी 2025 में भी अपनी सभी सेवाओं पर 14.95% की किराया वृद्धि लागू की थी। अब दिवाली के दौरान यह नई बढ़ोतरी आम लोगों की जेब पर और बोझ डालेगी। हालांकि, यह 10% की वृद्धि MSRTC की सभी बसों पर लागू नहीं होगी।
महाराष्ट्र के किन रूट पर प्रभावी होगा ये नया किराया?
शिवनेरी और शिवाई बसों के लिए पुराने किराए ही प्रभावी रहेंगे। हालांकि, शिवशाही सहित अन्य MSRTC बसों के किराए में दिवाली के दौरान 10% की बढ़ोतरी की गई है। इस निर्णय से राज्य के आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा, खासकर ऐसे समय में जब कई लोग पहले से ही बारिश और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे हैं।
त्यौहार पर लगा लोगों झटका
इस किराया वृद्धि से दैनिक यात्रियों को भी दिवाली में यात्रा के लिए अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ेंगे। त्योहारों के दौरान MSRTC बसों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है, और इस वृद्धि का मुख्य उद्देश्य निगम के राजस्व को बढ़ाना है। हालांकि, इसका सीधा असर आम यात्रियों की जेब पर पड़ेगा, जिससे उनकी दिवाली का बजट प्रभावित होगा।












Click it and Unblock the Notifications