Maharashtra Chunav Analysis: महाराष्ट्र की 19 सीटों पर मोदी का धमाकेदार प्रचार, फिरभी 16 पर बेअसर 'PM-फैक्टर'
Maharashtra Chunav Analysis: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे सामने आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 272 वाले बहुमत के आंकड़े को छू न सकी। सिर्फ 240 सीटों पर ही सिमट कर रह गई। भले ही, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने बहुमत हासिल कर नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के तौर पर तीसरे कार्यकाल के लिए मंच तैयार कर दिया हो, लेकिन महाराष्ट्र में बीजेपी का निराशाजनक प्रदर्शन राज्य चुनावों से पहले एक बड़ी चिंता का विषय बन गया है। महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से बीजेपी 9 सीटों पर ही काबिज रही, जबकि 2019 में 23 सीटें घसीटी थी।
खास बात यह रही कि महाराष्ट्र की जिन 19 सीटों पर नरेंद्र मोदी ने कई जनसभाएं और रोड शो किए। चुनाव आयोग (ईसी) के आंकड़ों से पता चला है कि उनमें से 16 सीटों पर जीत हासिल करने में मोदी का PM फैक्टर काम नहीं आया। आइए जानते कौन-कौन सी हैं ये सीटें...

- मुंबई उत्तर पूर्व- मुंबई की उत्तर पूर्व सीट के घाटकोपर इलाके में मोदी का रोड शो हुआ था, लेकिन यहां बीजेपी उम्मीदवार मिहिर कोटेचा को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) उम्मीदवार संजय दीना पाटिल ने 29, 861 वोटों से हरा दिया।
- नासिक - मोदी ने शिवसेना (शिंदे गुट) के उम्मीदवार हेमंत गोडसे के लिए प्रचार किया। हालांकि, गोडसे को शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार राजाभाऊ वाजे ने एक लाख से ज़्यादा वोटों से हरा दिया।
- नांदेड़- नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के नांदेड़ में भी मौजूदा सांसद और बीजेपी उम्मीदवार प्रताप गोविंदराव चिखलीकर पाटिल के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। लेकिन, यहां मोदी का जादू नहीं चला और उन्हें कांग्रेस के वसंतराव बलवंतराव चव्हाण ने हरा दिया।
- चंद्रपुर- यहां में मोदी ने बीजेपी उम्मीदवार और राज्य के कैबिनेट मंत्री सुधीर मुनगंटीवार के लिए जनसभा की। लेकिन वे दो लाख से ज़्यादा वोटों से हार गए। यहां से कांग्रेस की प्रतिभा धानोरकर जीतीं। उन्हें 7,18, 410 वोट मिले जबकि सुधीर मुनगंटीवार को सिर्फ़ 4,58, 004 वोट मिले।
- रामटेक- यहां भी शिवसेना के राजू देवनाथ परवे के पक्ष में मोदी ने जनसभा की, लेकिन उन्हें कांग्रेस के श्याम कुमार बर्वे ने हरा दिया। कांग्रेस उम्मीदवार को 6,13,025 वोट मिले, जबकि राजू परवे को 5,36,257 वोट मिले।
- वर्धा - बीजेपी उम्मीदवार रामदास तड़स के पक्ष में मोदी ने वोट अपील की थी। लेकिन, तड़स को एनसीपी (सपा) उम्मीदवार अमर काले ने हरा दिया। एनसीपी (सपा) उम्मीदवार को 5,33,106 वोट मिले, जबकि तड़स को केवल 4,51,458 वोट मिले।
- परभणी - मोदी ने परभणी में प्रचार किया, लेकिन शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार संजय (बंडू) जाधव भारी अंतर से विजयी हुए। उन्होंने आरएसपी के महादेव जानकर को एक लाख से अधिक मतों से हराया।
- कोल्हापुर- 27 अप्रैल को कोल्हापुर में मोदी ने मौजूदा सांसद और शिवसेना (शिंदे गुट) के उम्मीदवार संजय मांडलिक के लिए जनसभा की थी। उन्हें कांग्रेस के शाहू महाराज छत्रपति ने एक लाख से अधिक मतों से हराया।
- सोलापुर - मोदी भी बीजेपी उम्मीदवार राम सतपुते के लिए जनसभा करने सोलापुर गए थे। लेकिन, उन्हें कांग्रेस की प्रणति शिंदे ने हरा दिया। उन्हें 6,20,225 वोट मिले जबकि राम सतपुते को 5,46,028 वोट मिले।
- माधा - मोदी ने माधा लोकसभा क्षेत्र में बीजेपी उम्मीदवार रंजीतसिंह नाइक निंबालकर के लिए एक जनसभा की, जिन्हें एनसीपी (सपा) उम्मीदवार धारीशील मोहिते पाटिल ने एक लाख से अधिक मतों से हराया।
- धाराशिव - धाराशिव (उस्मानाबाद) में एक जनसभा को मोदी ने संबोधित करते हुए एनसीपी (अजित पवार) पार्टी की उम्मीदवार अर्चना पाटिल के लिए वोट मांगे, जिन्हें शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार ओमराज निंबालकर ने हराया।
- लातूर- यहां बीजेपी उम्मीदवार सुधाकर श्रृंगारे के पक्ष में प्रचार करने लातूर गए थे। लेकिन, इससे श्रृंगारे को कोई फायदा नहीं हुआ और वे कांग्रेस के शिवाजी कालगे से 61,881 वोटों से हार गए।
- अहमदनगर - यहां बीजेपी उम्मीदवार सुजय विखे के लिए मोदी ने जनसभा की। लेकिन, सुजय विखे को एनसीपी (सपा) उम्मीदवार नीलेश लंका ने 28,929 वोटों से हरा दिया।
- बीड - बीड निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी की उम्मीदवार पंकजा मुंडे के लिए मोदी ने एक जनसभा की। लेकिन, उन्हें एनसीपी (सपा) उम्मीदवार बजरंग सोनवणे ने 6,553 वोटों के मामूली अंतर से हराया।
- नंदुरबार - यहां बीजेपी उम्मीदवार हिना गावित के लिए वोट मांगने मोदी गए थे, लेकिन उन्हें कांग्रेस के गोवाल पडवी ने एक लाख से अधिक वोटों से हरा दिया।
- डिंडोरी - यहां बीजेपी प्रत्याशी और केंद्रीय राज्य मंत्री भारती पवार के लिए मोदी वोट मांगने गए थे, लेकिन उन्हें एनसीपी (सपा) नेता भास्कर भागरे ने एक लाख से अधिक वोटों से हरा दिया।
इन सीटों पर मोदी का चला जादू
- मुंबई- मुंबई की उत्तर सीट पर बीजेपी के पीयूष गोयल जीते, जबकि मुंबई पश्चिम सीट से शिवसेना (शिंदे गुट) से रवींद्र वायकर ने जीत हासिल की।
- पुणे - यहां भी एक जनसभा की गई और बीजेपी उम्मीदवार मुरलीधर मोहोल के लिए वोट अपील हुई। यहां मोहोल ने कांग्रेस के रवींद्र धांगेकर को एक लाख से ज्यादा वोटों से हराया।
- सतारा - मोदी ने सतारा लोकसभा क्षेत्र के कराड में बीजेपी उम्मीदवार उदयनराजे भोसले के लिए जनसभा की। यहां मोदी फैक्टर काम आया और बीजेपी उम्मीदवार ने एनसीपी (सपा) उम्मीदवार शशिकांत शिंदे को हरा दिया।
- कल्याण - शिवसेना (शिंदे गुट) के उम्मीदवार श्रीकांत शिंदे के लिए मोदी ने जनसभा की, जिन्होंने दो लाख से ज़्यादा वोटों से जीत हासिल की। उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) की उम्मीदवार वैशाली दारेककर को हराया।












Click it and Unblock the Notifications