Maharashtra Electricity Price: महाराष्ट्र में सस्ती हुई बिजली, इतने फीसदी घट जाएगा Electricity का दाम
Maharashtra Electricity Price: महाराष्ट्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार ने बिजली के दामों में बड़ी कटौती करने का ऐलान किया है। महाराष्ट्रके इतिहास में बिजली के दामों में अब तक की ये सबसे बड़ी कटौती है! सरकार के इस फैसले से महाराष्ट्र के बिजली उपभोक्ताओं को बिजली के भारी-भरकम बिल में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि राज्य में बिजली के दाम में आगामी 1 साल में 10 फीसदी और आने वाले 5 वर्षों में 26 प्रतिशत तक की कटौती की जाएगी। फडणवीस ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के इतिहास में पहली बार बिजली की दरों में इतनी बड़ी कटौती की जा रही है।

फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "राज्य के इतिहास में पहली बार, बिजली की दरों में पहले साल में 10 प्रतिशत और अगले पांच वर्षों में 26 प्रतिशत की कमी की जाएगी। हम महाराष्ट्र राज्य विद्युत नियामक आयोग (MERC) के आभारी हैं कि उन्होंने महावितरण की याचिका पर यह फैसला दिया।"
किन श्रेणियों पर लागू होगी ये कटौती
महाराष्ट्र में बिजली दरों में कटौती का यह आदेश घरेलू, औद्योगिक और वाणिज्यिक, तीनों श्रेणियों के उपभोक्ताओं पर लागू होगा। देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि राज्य में 70 प्रतिशत उपभोक्ता जो प्रति माह 100 यूनिट से कम बिजली का उपयोग करते हैं, उन्हें अधिकतम 10 प्रतिशत की दर में कमी मिलेगी। सीएम फडणवीस ने ये भी बताया मुख्यमंत्री सौर कृषि वाहिनी योजना 2.0 का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है ताकि किसानों को दिन के समय में बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
फडणवीस सरकार ने क्यों लिया इतना बड़ा फैसला?
यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब बिजली की दरों में 10 प्रतिशत की वृद्धि के लिए MERC को याचिकाएं सौंपी गई थीं। हालांकि, महावितरण ने बिजली दरों को कम करने के लिए याचिका दायर की, जो महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार हुआ। फडणवीस ने कहा कि MERC ने इस याचिका को स्वीकार कर लिया है।
क्या बिजली के दाम घटाने पर सरकार को होगा नुकसान?
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि महाराष्ट्र में हर साल बिजली के दामों में 10 फीसदी का इजाफा करने की सिफारिश की जाती थी लेकिन इस बार 10 फीसद की कटौती की सिफारिश की गई है। यह कटौती पहले वर्ष में 10 प्रतिशत से शुरू होगी और अगले 10 वर्षो में बिलजी के दामों में 26 फीसदी कटौती कर दी जाएगी।
सीएम ने ये भी बताया कि भविष्य में बिजली खरीद समझौतों में एक बदलाव से बिजली खरीदने की लागत कम हो जाएगी। इसके साथ ही, आने वाले समय में बिजली खरीद समझौतों में ग्रीन एनर्जी पर जोर देने के कारण, बिजली खरीदने की लागत में बचत होगी।"
एबीपी माझा की रिपोर्ट के अनुसार आगामी पांच सालों में महाराष्ट्र में बिजली की खरीद पर 66 करोड़ रुपये की बचत होगी। 2030 तक महाराष्ट्र में बिजली की क्षमता 81 हजार मेगावाट हो जाएगी। जिसमें 31 हजार मेगावाट बिजली रिन्यूएबल एनर्जी स्रोतों से मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications