Maharashtra Election Results 2024: महायुति की आंधी में कैसे वीरान पड़ गया शिवसेना(UBT) का मुख्यालय
Maharashtra Election Results 2024 in Hindi:महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन की जीत के बाद मुंबई के दादर ईस्ट में उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) का मुख्यालय पूरी तरह से वीरान पड़ गया। इसके गेट पर मुश्किल से 8 पुलिस वाले तैनात थे,लेकिन अंदर जाने वाला कोई नहीं दिख रहा था। शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे का एक बड़ा बैनर जरूर दिख रहा था। लेकिन, न यहां पहले वाली वह रौनक थी और न ही शिवसैनिकों का जमवाड़ दिख रहा था।
शिवसेना (यूबीटी) ने एकनाथ शिंदे की महायुति के खिलाफ जोरदार प्रचार किया था। लेकिन, विधानसभा में 288 में से केवल 20 सीटें ही हासिल कर पाई है। जबकि इसने महा विकास अघाड़ी गठबंधन के हिस्से के रूप में 95 सीटों पर चुनाव लड़ा था।

करारी हार के बाद खाली पड़ गया गया शिवसेना (यूबीटी) मुख्यालय
पार्टी के एक नेता मोहम्मद शकील कुरैशी,एक टोपी और पार्टी लैपल पिन के साथ सफेद गाउन पहने हुए सेना भवन के बाहर खड़े थे। उन्होंने कहा,'हम अभी भी मजबूत हैं। हमने उम्मीद नहीं खोई है।'
उद्धव की सेना पर भारी पड़े एकनाथ शिंदे
शिवसेना (यूबीटी) की नेता सुषमा अंधारे ने नतीजों पर अविश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि जीत हासिल करने के लिए संवैधानिक संस्थाओं से समझौता किया गया है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार,भाजपा 133 सीटें जीतने की ओर अग्रसर है,उसके बाद शिंदे की शिवसेना 57 और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी 41 सीटें जीत सकती है। शिंदे गुट ने 81 सीटों पर चुनाव लड़कर 57 सीटें जीतकर उद्धव ठाकरे के गुट से बेहतर प्रदर्शन किया।
पूरे महाराष्ट्र में करारी हार के बावजूद,शिवसेना (यूबीटी) को दादर के माहिम विधानसभा सीट जीतने में कुछ राहत मिली। वे शिंदे के गुट से यह सीट वापस पाने में सफल रहे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे)के राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे को हराया। इस बीच, मनसे मुख्यालय राजगढ़ में भी बहुत कम हलचल रही, क्योंकि वे 125 सीटों में से एक भी सीट जीतने में विफल रहे।
शिवसेना (यूबीटी) और मनसे मुख्यालयों पर शांत माहौल में उनकी चुनावी हार साफ झलक रही थी। ये दोनों ही पार्टियां भाजपा वाले गठबंधन छोड़कर निकली हैं और आगे इनकी भविष्य की राजनीति पर बहुत बड़ा ग्रहण लगता महसूस हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications