स्वरा भास्कर के पति फहद अहमद अणुशक्ति नगर सीट लड़ेंगे चुनाव, नवाब मलिक की बेटी सना मलिक को देंगे चुनौती
Maharashtra Election 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अब बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर के पति फहद अहमद (Fahad Ahmad) भी चुनाव लड़ेंगे। फहद अहमद रविवार 27 अक्टूबर को शरद पवार की एनसीपी-एसपी ( NCP-SP) में शामिल हो गए। एनसीपी-एसपी ने अपनी तीसरी लिस्ट में फहद अहमद को अणुशक्ति नगर विधानसभा सीट से टिकट दिया है।
फहद अहमद अणुशक्ति नगर विधानसभा सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार की एनसीपी) की नेता सना मलिक को चुनौती देंगे। सना मलिक नवाब मलिक की बेटी हैं। अणुशक्ति नगर का प्रतिनिधित्व 2009 से नवाब मलिक ने किया था।

ये भी पढ़ें- सीएम एकनाथ शिंदे ने किया कमाल, महाराष्ट्र में 5 लाख करोड़ का हुआ निवेश, पैदा होंगी 2.5 लाख नौकरियां
फहद अहमद समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष थे, जो समाजवादी पार्टी महाराष्ट्र प्रदेश की युवा शाखा है। एनसीपी-एससीपी नेता जयंत पाटिल ने कहा, "समाजवादी पार्टी की नेता और अभिनेत्री स्वरा भास्कर के पति फहद अहमद एनसीपी-एससीपी में शामिल हो गए हैं। उन्हें एनसीपी (अजित पवार) की सना मलिक के खिलाफ अणुशक्ति नगर सीट से मैदान में उतारा गया है।"
कैसे मिला फहद अहमद को ये टिकट?
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सपा नेता अबू आजमी ने पिछले हफ्ते बताया कि उन्होंने शरद पवार से बात की और कहा कि अगर पवार की पार्टी के पास इस सीट के लिए कोई उपयुक्त उम्मीदवार नहीं है, तो सपा नेता फहाद अहमद को मुंबई के अणुशक्ति नगर से एनसीपी (सपा) उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतारा जा सकता है।
महाराष्ट्र चुनाव में अहमद के उम्मीदवार की घोषणा करते हुए, एनसीपी-एससीपी नेता जयंत पाटिल ने कहा, "फहाद अहमद एक सुशिक्षित युवा मुस्लिम युवक हैं और उन्होंने पूरे देश में एक कार्यकर्ता के तौर पर काम किया है। लोग चाहते हैं कि हम ऐसे नेताओं को मौका दें। वह पहले समाजवादी पार्टी में थे, लेकिन हमारी सपा से बातचीत हुई और वह हमारी पार्टी में आ गए। हमने उन्हें अणुशक्ति नगर निर्वाचन क्षेत्र से अपनी पार्टी से टिकट दिया।"
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र और झारखंड चुनावों में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ेगा
who is Fahad Ahmad? कौन हैं फहद अहमद
फहाद अहमद 2022 में समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हुए। इससे पहले वे छात्र संघों में काम कर रहे थे। लोकमत टाइम्स के मुताबिक अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्ग के छात्रों के लिए फीस माफी के लिए फहद अहमद के आंदोलन को अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। वे नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2019 (सीएए) अधिनियम के खिलाफ आयोजित रैली का भी हिस्सा थे। फहद अहमद ने 16 फरवरी 2023 को बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर से शादी की।
महाराष्ट्र में कब होंगे विधानसभा चुनाव?
कांग्रेस ने अपने महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सहयोगियों-शिवसेना (यूबीटी) और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के साथ मिलकर 85-85 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। 288 सीटों में से शेष 23 सीटों पर गठबंधन के भीतर आगे की चर्चा के आधार पर चुनाव लड़ा जाएगा। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होंगे, जबकि परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications