Maharashtra Case: सांसद की पैरवी, पुलिस की धमकी, चार बार रेप! डॉक्टर सुसाइड केस में चौंकाने वाले खुलासे
Maharashtra Doctor Suicide Case: महाराष्ट्र के सतारा ज़िले में आत्महत्या करने वाली 26 साल की महिला डॉक्टर का मामला अब बड़ा रूप ले चुका है। उनके सुसाइड नोट में जो बातें लिखी गई हैं, उनसे पूरे राज्य में हलचल मच गई है। डॉक्टर ने अपने चार पन्नों के नोट में एक पुलिसकर्मी पर रेप और एक सांसद पर झूठा मेडिकल सर्टिफिकेट देने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाया है।
डॉक्टर फळटण उप-जिला अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर थीं। उन्होंने लगभग दो साल सेवा की थी और अब बस एक महीने में उनकी ग्रामीण सेवा खत्म होने वाली थी। इसके बाद वह अपनी पढ़ाई (PG) आगे बढ़ाना चाहती थीं।

सुसाइड नोट में क्या लिखा था?
डॉक्टर ने लिखा कि पुलिसवाले उन पर ऐसे लोगों के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट देने का दबाव डालते थे जो अस्पताल में जांच के लिए आते ही नहीं थे। जब उन्होंने मना किया, तो उप-निरीक्षक गोपाल बडणे ने उन्हें कई महीनों तक मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया।
उन्होंने यह भी लिखा कि एक दिन सांसद के दो आदमी ने अस्पताल आकर उन्हें सांसद से फोन पर बात कराई। सांसद ने अप्रत्यक्ष रूप से उन्हें धमकाया कि अगर उन्होंने "सहयोग" नहीं किया तो अंजाम भुगतना पड़ेगा। डॉक्टर ने अपने हाथ पर लिखा था मेरा चार बार बलात्कार किया गया है। इस बात से लोगों में गुस्सा फैल गया है।
पहले की शिकायतें भी हुईं नजरअंदाज
डॉक्टर के रिश्तेदारों का कहना है कि उन्होंने पहले भी पुलिस अधीक्षक (SP) और उप-अधीक्षक (DSP) को कई बार शिकायत दी थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा - "उसने लिखा था कि अगर मेरे साथ कुछ होता है तो कौन जिम्मेदार होगा। उसने सुरक्षा की कमी की बात भी उठाई थी।"
डॉक्टर की मौत के बाद उप-निरीक्षक गोपाल बडणे और उनके मकान मालिक प्रशांत बंकार के खिलाफ बलात्कार और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज हुआ है। पुलिस अधिकारी को अब सस्पेंड कर दिया गया है। कोल्हापुर रेंज के IG सुनील फुलारी ने कहा कि जांच साक्ष्यों के आधार पर चल रही है।
राजनीति गरमाई
इस घटना पर राजनीति भी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा - "जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो न्याय की उम्मीद कैसे की जा सकती है? सरकार पुलिस को बचा रही है, इसलिए अत्याचार बढ़ रहे हैं।" वहीं बीजेपी नेता चित्रा वाघ ने कहा - "यह बहुत दुखद घटना है। डॉक्टर ने पहले शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सरकार जांच करा रही है। महिलाओं को ऐसे कदम नहीं उठाने चाहिए, 112 हेल्पलाइन पर तुरंत कॉल करें।"
अब सबसे बड़ा सवाल...
क्या डॉक्टर को न्याय मिलेगा? यह मामला सिर्फ एक आत्महत्या नहीं, बल्कि उस सिस्टम की विफलता दिखाता है जहाँ एक महिला डॉक्टर बार-बार शिकायत करती रही और फिर भी किसी ने नहीं सुना। अब देखना यह है कि जांच सच तक पहुँचती है या यह मामला भी बाकी की तरह धीरे-धीरे दबा दिया जाएगा।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications