महाराष्ट्र विधान परिषद में लोकायुक्त विधेयक पास, सीएम शिंदे ने अन्ना हजारे को फोन कर दी जानकारी
Maharashtra News: महाराष्ट्र विधानसभा परिषद ने शुक्रवार (16 दिसंबर) को लोकायुक्त विधेयक (Lokayukt Bill 2022) को अपनी मंजूरी दे दी है। लोकायुक्त विधेयक पास होने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे से फोन पर बातचीत की। साथ ही, उन्हें विधेयक के पास होने की जानकारी भी दी।
आपको बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा ने अपने पिछले सत्र में ही इस विधेयक को पारित कर दिया गया था। इस विधेयक के मुताबिक, मुख्यमंत्री या पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ किसी भी प्रकार की जांच शुरू करने के पहले विधानसभा अध्यक्ष की अनुमति लेना जांच एजेंसी के लिए अनिवार्य होगा।

इसी प्रकार, मंत्रियों के खिलाफ जांच का अधिकार राज्यपाल, विधान परिषद सदस्यों के बारे में सभापति और विधानसभा सदस्य के बारे में जांच की अनुमति देने का अधिकार विधानसभा अध्यक्ष को दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोकायुक्त विधेयक 2022 में मुख्यमंत्री के पास भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) , भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच को अधिकृत करने की भी ताकत दी गई है।
लोकायुक्त के पास होंगी सिविल कोर्ट की शाक्तियां
खबरों के मुताबिक, ऐसा बताया जा रहा है कि इस विधेयक में विशेष मामलों में सिविल कोर्ट की शक्तियां लोकायुक्त को दी गई हैं। जिसके अनुसार किसी भी व्यक्ति को समन करने, उसकी उपस्थिति के लिए बाध्य करने और शपथ पर उसकी जांच करने, किसी भी दस्तावेज की खोज और प्रस्तुत करने की मांग करने, शपथ पर साक्ष्य लेने, किसी भी अदालत या कार्यालय से रिकॉर्ड या प्रतियां मांगने, जांच करने के लिए कमीशन जारी करने की शक्ति लोकायुक्त के पास होगी।












Click it and Unblock the Notifications