Maharashtra Civic election: राज ठाकरे की MNS ने निकाय चुनाव में बैलेट पेपर से वोटिंग कराने की मांग
Maharashtra Civic election: महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव प्रक्रिया दिवाली के बाद शुरू होने की उम्मीद है। चंद दिन पहले राज्य निर्वाचन आयुक्त दिनेश वाघमारे ने यह जानकारी दी थी। जिसके बाद सभी राजनीतिक दल चुनाव की युद्ध स्तर पर तैयारी शुरू कर चुके हैं। इसी बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने आगामी निकाय चुनावों में मतपत्रों के इस्तेमाल की विपक्षी दलों की मांग का समर्थन किया है।
राज ठाकरे की मनसे के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की और अपनी मांगों की सूची सौंपी, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के साथ वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल्स (वीवीपीएटी) के उपयोग पर जोर दिया गया।

मनसे नेता शिरीष सावंत ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "ऐसा लगता है कि वोटर लिस्ट में समस्या है। वीवीपीएटी के उपयोग का भी एक मुद्दा था।" उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर चिंता व्यक्त की।
"तो मतपत्रों से चुनाव कराएं"
वहीं मनसे नेता बाला नांदगाँवकर ने कहा कि लोगों को लगता है कि लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को चुनौती देते हुए कहा, "मतपत्रों का उपयोग करके चुनाव कराने में क्या समस्या है? यदि आपको लगता है कि आप सत्ता में आएं, ठाकरे भाई (राज और उद्धव) एक साथ आएं , तो मतपत्रों से चुनाव कराएं।"
गौरतलब है कि शिवसेना (यूबीटी) भी लंबे समय से ईवीएम के बजाय मतपत्रों के माध्यम से चुनाव कराने की मांग कर रही है। यह कदम चुनाव प्रक्रिया में जनता के विश्वास को बहाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
महाराष्ट्र में कब होंगे निकाय चुनाव?
राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मंगलवार, 5 अगस्त 2025 को घोषणा की कि पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगमों (PMC, PCMC) सहित अन्य स्थानीय निकायों के चुनाव दिवाली (20 अक्टूबर) के बाद नवंबर-दिसंबर 2025 में कराए जाएंगे, जनवरी 2026 तक संपन्न हो सकते हैं।
- चुनाव आयुक्त ने बताया था कि निकाय चुनाव के लिए वोटिंग चरणबद्ध तरीके से होगी।
- चुनाव आयोग ने वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) मशीनों के इस्तेमाल से इनकार कर दिया है।
- जुलाई 2025 की वोटर लिस्ट के के आधार पर चुनाव होंगे, और पिछली बार की तरह चार सदस्यीय वार्ड संरचना लागू रहेगी।
- SC-ST और OBC आरक्षण में कोई बदलाव नहीं होगा, जबकि OBC सीटों के लिए लॉटरी पद्धति अपनाई जाएगी।
इन निकायों में होंगे चुनाव
महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों, 243 नगर परिषदों, 37 नगर पंचायतों, 26 जिला परिषदों और 289 पंचायत समितियों में चुनाव होने हैं। इनमें प्रमुख रूप से बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC), पुणे, पिंपरी-चिंचवाड़, नागपुर, नासिक, नवी मुंबई, कोल्हापुर, डोंबिवली, कल्याण, छत्रपति संभाजी नगर और वसई-विरार शामिल हैं।
लंबे समय से टल रहा चुनाव
बता दें महाराष्ट्र में 2017 के बाद से कई जिला परिषदों, पंचायत समितियों, नगर परिषदों और नगर निगमों में चुनाव नहीं हुए हैं। उच्चतम न्यायालय ने एक आदेश पारित कर ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण और 2017 की वार्ड सीमाओं के अनुसार स्थानीय निकायों के चुनाव का रास्ता साफ किया है।












Click it and Unblock the Notifications