Maharashtra By Elections 2026: महाराष्ट्र की इन 2 विधानसभा सीट पर होंगे उपचुनाव, आ गई डेट, कब होगी वोटिंग?
Maharashtra By Elections 2026: भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने रविवार को चार राज्यों - तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के आगामी विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र की बारामती और राहुरी दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव की तारीख की भी घोषणा चुनाव आयोग ने कर दी है। इन दोनों सीटों पर मतदान 23 अप्रैल को होगा तथा वोटों की गिनती 4 मई 2026 को की जाएगी।
महाराष्ट्र की राजनीति में पश्चिमी क्षेत्र की बारामती सीट पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की प्लेन क्रैश दुर्घटना में निधन के बाद खाली हुई है। वहीं राहुरी विधानसभा सीट बीजेपी के शिवाजी कर्डीले के निधन के बाद खाली है।

चुनाव आयोग ने जारी किया पूरा शेड्यूल
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, इन सीटों के लिए अधिसूचना 30 मार्च 2026 को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अप्रैल निर्धारित है, और नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को होगी। उम्मीदवार 9 अप्रैल 2026 तक नाम वापस ले सकेंगे। इन सीटों पर मतदान 23 अप्रैल को होगा तथा वोटों की गिनती 4 मई 2026 को की जाएगी।
अजित पवार थे बारामती के अजेय विधायक
पुणे जिले की बारामती सीट राज्य की सबसे हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीटों में से एक है। यह लंबे समय से शरद पवार परिवार का मज़बूत राजनीतिक गढ़ रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजित पवार यहां से कई बार विधायक चुने गए। 2019 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार गोपीचंद पडलकर को बड़े अंतर से हराया था।
पिछले चुनाव में अजित पवार को कितने मिले थे वोट?
उस चुनाव में अजित पवार को 1,95,641 वोट मिले, जबकि गोपीचंद पडलकर को सिर्फ़ 30,376 वोटों पर संतोष करना पड़ा। इस तरह अजित पवार ने 1,65,265 वोटों के विशाल अंतर से जीत दर्ज की।
राहुरी विधानसभा सीट
वहीं हिल्यानगर (पूर्व नाम अहमदनगर) जिले में पड़ने वाली राहुरी विधानसभा सीट मुख्य रूप से ग्रामीण और कृषि प्रधान क्षेत्र है। यहां की राजनीति पर मराठा समुदाय का सीधा असर देखा जाता है। हालांकि, माली और धनगर जैसे ओबीसी समुदायों के साथ-साथ दलित और मुस्लिम मतदाता भी चुनावी समीकरणों को प्रभावित करते हैं।
शिवाजी कर्डीले ने 2024 में जीती थी ये सीट
साल 2019 के विधानसभा चुनाव में राहुरी सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्राजक्त तनपुरे ने जीत दर्ज की थी। उन्हें 1,09,234 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार शिवाजी कर्डीले को 85,908 वोट प्राप्त हुए। इस तरह तनपुरे ने कर्डीले को 23,212 वोटों के अंतर से हराया था।
लेकिन, 2024 के विधानसभा चुनाव में शिवाजी कर्डीले ने इस सीट पर वापसी की। उन्होंने राकांपा के प्राजक्त तनपुरे को लगभग 14,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया। अक्टूबर 2025 में दिल का दौरा पड़ने से उनके निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गई। अब यहां उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई है।












Click it and Unblock the Notifications