महाराष्ट्र में अभी हुए चुनाव तो बीजेपी जीत सकती है 123-129 सीट, जानिए उद्धव की पार्टी को मिलेगी कितनी?-सर्वे
महाराष्ट्र में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर एक प्राइवेट एजेंसी ने सर्वे करवाया है, जिसके अनुमानों के मुताबिक बीजेपी राज्य में अबतक का अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन कर सकती है। इस सर्वे के मुताबिक 288 सदस्यों वाली विधानसभा में भाजपा 123 से 129 सीटें तक जीत सकती है।
2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने तबकी संयुक्त शिवसेना के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था और पार्टी 105 सीटें जीती थी। जबकि, उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली तत्कालीन शिवेसना को 56 सीटें मिली थीं। इस हिसाब से सर्वे में बीजेपी गठबंधन को बहुमत के पार दिखाया गया है।

एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 25 सीटें मिलने का अनुमान-सर्वे
टीओआई में छपे इस सर्वे के अनुमानों के अनुसार मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली सत्ताधारी शिवसेना को विधानसभा चुनावों में 25 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। इस तरह से सत्ताधारी गठबंधन को आसान बहुमत मिलने की उम्मीद बताई गई है। जबकि, एनसीपी को 55 से 56 सीटें (2019 में 54) मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस को भी महा विकास अघाड़ी गठबंधन में रहते हुए फायदा मिलता दिखाया गया है, जो कि 50 से 53 सीटें (2019 में 44)जीत सकती है।
उद्धव ठाकरे की पार्टी को मिल सकती है 17 से 19 सीट-सर्वे
वहीं पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना यूबीटी को सबसे ज्यादा नुकसान होने की आशंका जताई गई है, जो कि 17 से 19 सीटें (2019 में संयुक्त शिवसेना को 56 सीट) जीत सकती है। इस तरह से शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट पर भारी पड़ती नजर आ रही है।
एमवीए को शिवसेना यूबीटी के चलते बड़ा नुकसान- सर्वे
वैसे ये सर्वे यह भी दिखाता है कि महा विकास अघाड़ी गठबंधन में एनसीपी और कांग्रेस दोनों का प्रदर्शन थोड़ा जरूर सुधर सकता है, लेकिन उद्धव ठाकरे की पार्टी कोंकण क्षेत्र के बाहर कमजोर नजर आ रही है, जिससे एमवीए बहुमत से काफी दूर पिछड़ सकता है।
कांग्रेस को एमवीए गठबंधन का सबसे ज्यादा फायदा-सर्वे
इस सर्वे का ये भी अनुमान है कि बीजेपी करीब 35 फीसदी सीटें मजबूत स्थानीय उम्मीदवारों के दम पर जीत सकती है। जबकि, एमवीए में होने का सबसे ज्यादा फायदा कांग्रेस बटोर रही है, क्योंकि बिना एमवीए में शामिल हुए पार्टी मुश्किल से 28 सीटों तक ही पहुंच सकती है।
सीएम शिंदे की लोकप्रियता 12%- सर्वे
जहां तक मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर लोकप्रियता की बात है तो सर्वे के मुताबिक इसमें सीएम एकनाथ शिंदे को सिर्फ 12% लोग पसंद कर रहे हैं। जबकि, शिवसेना के पिछले हफ्ते छपे विज्ञापन में एक निजी चैनल के हवाले से सीएम को सबसे ज्यादा लोकप्रिय होने का दावा किया गया था।
उद्धव ठाकरे सिर्फ 9% लोगों की पसंद-सर्वे
लेकिन, ताजा सर्वे उन्हें इस बात की राहत दे सकता है कि उद्धव ठाकरे के मुकाबले लोकप्रियता में वह काफी आगे हैं। क्योंकि, उद्धव को सीएम के चेहरे के तौर पर सिर्फ 9% लोग चाहते हैं। इन दोनों से ज्यादा लोकप्रिय तो एनसीपी के दिग्गज अजित पवार हैं, जिन्हें 14% लोगों का समर्थन है, जिनके बुजुर्ग चाचा शरद पवार ने उन्हें प्रदेश की राजनीति की जिम्मेदारी सौंपी है।
देवेंद्र फडणवीस सबसे ज्यादा लोकप्रिय- सर्वे
सीएम के चेहरे के तौर पर महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण अभी लोकप्रियता की रेस में बड़े नेताओं को पछाड़ रहे हैं। वह इस सर्वे के मुताबिक 21% लोगों की पसंद हैं। लेकिन, जब मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे लोकप्रिय चेहरे की बात आती है तो 35% लोगों के समर्थन के साथ पूर्व सीएम और मौजूदा उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बहुत आगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications