Maharashtra Chunav: महाराष्ट्र सरकार के हिंदुओं के लिए बड़े फैसले, कई धार्मिक स्थलों का सुधार और जीर्णोद्धार
Maharashtra Assembly Elections 2024: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में महायुति सरकार ने राज्य की हिंदू संस्कृति, धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक विरासतों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में अनेक ठोस कदम उठाए हैं। मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर के आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार करने के लिए 500 करोड़ रुपए का बजट आवंटित करना इनमें से सबसे प्रमुख कदम है। जिसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही नांदेड़ में हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार और प्रसिद्ध मराठा शासिका अहिल्याबाई होल्कर के स्मारक का निर्माण सरकार की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के प्रति समर्पण को प्रकट करता है।
छत्रपति शिवाजी की धरोहर को विश्व धरोहर का दर्जा देने की पहल
महाराष्ट्र सरकार ने छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े 12 ऐतिहासिक किलों को यूनेस्को विश्व धरोहर के रूप में मान्यता दिलाने के लिए नामांकित किया है। इसके साथ ही शिवाजी महाराज से जुड़ी एक महत्वपूर्ण कलाकृति को लंदन से भारत लाने की प्रक्रिया भी चल रही है। रायगढ़ क्षेत्र में ऐतिहासिक महत्व के प्रतापगढ़ और विशालगढ़ जैसे किलों के पुनरुत्थान हेतु विकास प्राधिकरण स्थापित करने की योजना बनाई गई है। जो शिवाजी महाराज की महान धरोहर को संरक्षित और सहेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने की रणनीति
महाराष्ट्र सरकार की नीतियों में केवल धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के जीर्णोद्धार ही नहीं। बल्कि सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर है। दहीहांडी को साहसिक खेल के रूप में मान्यता दी गई है और पुस्तक आंदोलन को भी समर्थन दिया गया है। जिससे पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा मिल सके। इसके अलावा मराठवाड़ा में धार्मिक स्थलों के उन्नयन के लिए विशेष बजट का प्रावधान किया गया है। जिसमें तीर्थस्थलों के विकास के लिए करोड़ों रुपए की लागत से व्यापक योजनाएं बनाई गई हैं।
कलाकृतियों और सांस्कृतिक धरोहरों की सुरक्षा के लिए कानूनी प्रावधान
प्राचीन ऐतिहासिक कलाकृतियों की सुरक्षा हेतु कानून में विशेष प्रावधान किए गए हैं। जिनमें उल्लंघनकर्ताओं पर दंड और जुर्माने का प्रावधान शामिल है। बौद्ध समुदाय के सांस्कृतिक और शैक्षिक संस्थानों को सब्सिडी प्रदान करके उनकी संस्कृति के संरक्षण का भी प्रयास किया गया है। जो सरकार की समावेशी दृष्टि को दर्शाता है।
कनेक्टिविटी और सांस्कृतिक धरोहरों को जोड़ने की योजनाएं
राज्य के विभिन्न शक्तिपीठों को विशेष राजमार्गों के माध्यम से जोड़ने की योजना बनाई गई है। जिससे तीर्थयात्रियों के लिए यात्रा और सुविधाजनक हो सके। इसके साथ ही भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर के सम्मान में एक स्मारक का निर्माण भी जारी है। विभिन्न आईटीआई कॉलेजों का नामकरण महाराष्ट्र की ऐतिहासिक हस्तियों के नाम पर किया गया है। जो राज्य की समृद्ध विरासत को सहेजने का प्रयास है।
राज्य सरकार की इन सभी पहलों से साफ है कि सरकार ने अपनी हिंदू संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्राथमिकता दी है। बुनियादी ढांचे के विकास से लेकर सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों के संरक्षण तक राज्य की पहचान को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार के प्रयास गहरे सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक मूल्यों को मान्यता देने की एक व्यापक रणनीति का हिस्सा हैं।












Click it and Unblock the Notifications