LPG संकट गहराया, पुणे के आइकॉनिक ‘बादशाही होटल’ पर लगा ताला, एक के बाद एक बंद हो रहे स्वाद के ठिकाने
LPG Crisis: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच, देश के अधिकांश हिस्सों में एलपीजी (LPG) की कमी हो गई हैं। आम लोग गैस सिलेंडरों के लिए लंबी कतारों में लगे हैं, जबकि सरकार और प्रशासन इन दावों को केवल अफवाह बताकर ख़ारिज कर रहे हैं। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण एलपीजी (LPG) की आपूर्ति को लेकर गहराती अनिश्चितता ने भारत के होटल और रेस्तरां व्यवसाय को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
देश के कई शहरों में इसका असर साफ तौर पर दिखने लगा है। गैस सिलेंडरों की कमी के कारण अनेक होटल-रेस्तरां को अपनी रसोई बंद करनी पड़ रही है, या वे अब सीमित मेन्यू के साथ ही ग्राहकों की सेवा कर पा रहे हैं।

पुणे के आइकॉनिक 'बादशाही होटल' पर लगा ताला
इसी बीच, महाराष्ट्र के पुणे से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। पुणे शहर के मशहूर 'बादशाही होटल' को भी गैस की कमी के चलते अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, और होटल पर ताला लगा दिया गया है। जानकारी के अनुसार, कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल संचालकों के लिए रसोई का संचालन करना अत्यंत मुश्किल हो गया है।
पुणे और मुंबई के कई होटल हुए बंद
पुणे में गैस आपूर्ति की यह समस्या सिर्फ 'बादशाही होटल' तक सीमित नहीं है। बल्कि,पुणे और मुंबई के कई छोटे-बड़े होटल, मेस और भोजनालय भी गैस की आपूर्ति में कमी के कारण बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। कुछ जगहों पर होटल स्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं, जबकि कई रेस्तरां अब सीमित मेन्यू के साथ काम कर रहे हैं। इस हालात में खासकर छात्रों और बाहर रहने वाले लोगों के सामने भोजन की एक बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।
देश के अन्य शहरों में भी अस्थायी तौर पर बंद हुए होटल
गैस आपूर्ति की इस समस्या का असर केवल पुणे तक ही सीमित नहीं रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, देश के अन्य कई शहरों में भी रेस्तरां को अपने मेन्यू छोटे करने पड़ रहे हैं और कुछ होटल अस्थायी रूप से बंद किए जा रहे हैं। होटल उद्योग से जुड़े संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस की नियमित आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो यह स्थिति और भी गंभीर रूप ले सकती है।












Click it and Unblock the Notifications