Kunal Kamra Controversy: 'मुझे भीड़ का कोई डर नहीं, माफी नहीं मांगूंगा', शिवसैनिकों को कुणाल कामरा की चुनौती
Kunal Kamra Controversy: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का मजाक उड़ाकर विवाद में फंसे स्टैंड अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने माफी मांगने से इनकार कर दिया है। उन्होंने सोमवार (24 मार्च) को एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि, वे भीड़ नहीं डरते हैं और न ही इसके लिए माफी मांगेंगे।
कुणाल कामरा ने क्या कहा?
स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट शेयर किया जिसमें उन्होंने लिखा कि, 'एक मनोरंजन स्थल सिर्फ एक मंच होता है, जहां हर तरह के शो होते हैं। हैबिटेट (या कोई भी अन्य स्थल) मेरी कॉमेडी के लिए ज़िम्मेदार नहीं है, न ही इसका मुझ पर कोई नियंत्रण है।'

'ठीक वैसे ही जैसे किसी राजनीतिक दल का मुझ पर कोई अधिकार नहीं है। किसी कॉमेडियन की बातों से नाराज़ होकर एक वेन्यू पर हमला करना उतना ही बेतुका है, जितना कि टमाटरों से भरे ट्रक को पलटा देना क्योंकि आपको परोसी गई बटर चिकन पसंद नहीं आई।'
ये भी पढ़ें Kunal Kamra News: कॉमेडियन कुणाल कामरा के सपोर्ट में आए उद्धव ठाकरे, कहा- जो गद्दार है, वो गद्दार है
कटाक्ष करना कोई अपराध नहीं है- कुणाल कामरा
उन्होंने कहा कि, 'हमारा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अधिकार सिर्फ अमीरों और ताकतवरों की चापलूसी करने के लिए नहीं है, भले ही आज की मीडिया हमें ऐसा विश्वास दिलाने की कोशिश करे। अगर किसी ताकतवर नेता का मज़ाक उड़ाया जाता है और आपको यह पसंद नहीं आता, तो इससे मेरा अधिकार खत्म नहीं हो जाता। जहां तक मुझे पता है, हमारे नेताओं और राजनीतिक व्यवस्था की सर्कस जैसी हालत पर कटाक्ष करना कोई अपराध नहीं है।'
'कानूनी कार्रवाई का सामना करने को तैयार'
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि, 'हाँ, अगर मुझ पर कोई कानूनी कार्रवाई की जाती है, तो मैं कानून और न्यायपालिका के साथ सहयोग करने के लिए तैयार हूं। लेकिन क्या कानून उन लोगों पर भी समान रूप से लागू होगा, जिन्होंने एक मज़ाक से आहत होकर तोड़फोड़ को सही तरीका समझा? और उन बीएमसी के गैर-निर्वाचित सदस्यों पर, जो बिना किसी पूर्व सूचना के हैबिटेट पर आकर हथौड़ों से इसे तोड़ गए?
'शायद अगला शो मैं एल्फिंस्टन ब्रिज पर करूं, या फिर मुंबई की किसी और ऐसी इमारत पर, जिसे जल्दी गिराने की ज़रूरत है।'
'जो लोग मेरा नंबर लीक...'
जो लोग मेरा नंबर लीक कर रहे हैं या मुझे बार-बार कॉल कर रहे हैं मुझे यकीन है कि अब तक आपको समझ आ गया होगा कि मेरे फोन पर अनजान नंबर से आने वाली कॉल सीधे वॉइस मेल पर चली जाती हैं, जहां आपको उसी गाने को सुनना पड़ेगा, जिससे आपको सबसे ज़्यादा नफरत है।
उन्होंने अपने बयान में आगे कहा कि, मीडिया, जो इस तमाशे को पूरी श्रद्धा से कवर कर रही है। याद रखिए, प्रेस स्वतंत्रता के मामले में भारत की रैंकिंग 159 है।
'मैं माफी नहीं मांगूंगा'
अपने बयान के अंत में उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि,मैं माफी नहीं मांगूंगा,मैंने जो कहा बिल्कुल वही है जो अजीत पवार (पहले उप-मुख्यमंत्री) ने एकनाथ शिंदे (दूसरे उप-मुख्यमंत्री) के बारे में कही थी। मुझे इस भीड़ का कोई डर नहीं है और मैं अपने बिस्तर के नीचे छिपकर इसका शांत होने का इंतज़ार नहीं करूंगा।
जानिए क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कुणाल कामरा ने अपने स्टैंडअप कॉमेडी के दौरान महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और शिवसेना (शिंदे) के प्रमुख एकनाथ शिंदे को गद्दार तक कह दिया था। इसका वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हुआ जिसके बाद शिवसेना (शिंदे) के कुछ कार्यकर्ताओं ने कुणाल कामरा को पहले धमकी दी बाद में हैबीटेट क्लब पर तोड़फोड़ कर दी। इसी जगह पर कामरा ने अपना शो रिकॉर्ड किया था।












Click it and Unblock the Notifications