Kopri Pachpakhadi: महाराष्ट्र चुनाव VIP सीट कोपरी पचपखड़ी, CM एकनाथ शिंदे के पास जीत का चौका लगाने का मौका
Eknath Shinde Vs Kedar Dighe Kopri Pachpakhadi Chunav: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 की VIP सीटों में से एक है कोपरी-पचपाखड़ी निर्वाचन क्षेत्र। महाराष्ट्र के मौजूदा मुख्यमंत्री एकनाथ संभाजी शिंदे कोपरी-पचपाखड़ी सीट से चुनाव लड़ते हैं। साल 2024 के विधानसभा चुनाव में एकनाथ शिंदे के पास कोपरी-पचपाखड़ी विधानसभा क्षेत्र से जीत का चौका लगाने का मौका है। यहां से साल 2009, 2014 व 2019 के चुनाव में शिंदे ने लगातार जीत दर्ज की है।
कोपरी-पचपाखड़ी चुनाव में उम्मीदवार
कोपरी-पचपाखड़ी विधानसभा 2024 में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शिवसेना उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरे हैं। वहीं, केदार प्रकाश दिघे शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रत्याशी हैं। बाबूकुमार काशीनाथ कांबले लोकराज्य पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 की वो 20 VIP सीटें, जिनके नतीजों पर सबकी नजर, कौन जीतेगा-कौन हारेगा?

शिवसेना का गढ़ कोपरी-पचपाखड़ी
पश्चिम महाराष्ट्र के ठाणे जिले की हॉट सीट कोपरी-पचपाखड़ी शिवसेना का गढ़ रही है। मुंबई के बाद कोपरी-पचपाखड़ी दूसरा ऐसा क्षेत्र है, जहां पर अविभाजित शिवसेना ने पहली बार नगर निगम चुनावों में जीत का स्वाद चखा था और अपना पहला मेयर चुना था। हालांकि, शिंदे के विद्रोह के बाद आंतरिक कलह ने ठाणे जिले में शिवसेना के वोटरों को दो हिस्सों में बांट दिया।
एकनाथ शिंदे vs केदार दीघे
साल 2008 में अस्तित्व में आई कोपरी-पचपाखड़ी सीट पर अभी तक एकनाथ शिंदे को कोई नहीं हरा पाया। साल 2024 में एकनाथ शिंदे के सामने चुनाव लड़ रहे शिवसेना (यूबीटी) के केदार दीघे दिग्गज नेता आनंद दीघे के भतीजे हैं। आनंद दीघे ठाणे में एक सम्मानित नेता और एकनाथ शिंदे के गुरु थे। केदार दीघे 2006 से ठाणे की राजनीति में सक्रिय हैं। आदित्य ठाकरे के नेतृत्व में युवा सेना में विभिन्न भूमिकाएँ निभा चुके हैं।
कोपरी-पचपाखड़ी चुनाव परिणाम 2019
कोपरी-पचपाखड़ी सीट पर साल 2019 में एकनाथ शिंदे ने 113,497 वोट हासिल किए और कांग्रेस के संजय घाडीगांवकर को 89,300 वोटों से हराया था। संजय घाडीगांवकर को 24,197 वोट मिले थे। 21,513 वोट लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के महेश कदम तीसरे स्थान पर रहे।
कोपरी-पचपाखड़ी चुनाव परिणाम 2014
कोपरी-पचपाखड़ी सीट पर साल 2014 में एकनाथ शिंदे ने 100,420 वोट हासिल किए और भाजपा के एडवोकेट संदीप लेले को 51,869 वोटों से हराया था। संदीप लेले को 49,447 वोट मिले थे। 17,873 वोट लेकर कांग्रेस के मोहन गोस्वामी तीसरे और 8,579 वोट लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के सेजल कदम चौथे स्थान पर रहे।
कोपरी-पचपाखड़ी चुनाव परिणाम 2009
कोपरी-पचपाखड़ी सीट पर साल 2009 में एकनाथ शिंदे ने 73,502 वोट हासिल किए और कांग्रेस के मनोज शिंदे को 32,776 वोटों से हराया था। मनोज शिंदे को 40,726 वोट मिले थे। 35,914 वोट लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के राजनप गावंड तीसरे स्थान पर रहे।












Click it and Unblock the Notifications