Ketan Agarwal: 8 दिन में कैसे तय हुई सिया-केतन की शादी? दादा ने उठाए थे 2 सवाल, 4 माह में लिखी हत्या की कहानी
Ketan Agarwal Murder Timeline: पुणे के युवा कारोबारी और सक्सेस ग्रुप के डायरेक्टर केतन अग्रवाल की मौत में एक के बाद एक नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पहले केतन की मौत को दर्दनाक ट्रेकिंग हादसा माना गया था। लेकिन, पुलिस जांच में जो कहानी सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। आरोप है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके 3 साल पुराने रिलेशनशिप वाले प्रेमी चेतन चौधरी ने 4 महीने तक साजिश रची, पहले भी हत्या की कोशिश की और आखिरकार प्री-वेडिंग फोटोशूट के बहाने लोहागढ़ किले पर बुलाकर वारदात को अंजाम दिया।
अब पुलिस इस कथित साजिश के हर पहलू को डिजिटल सबूतों के जरिए अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है। सिया-चेतन दोनों गिरफ्तार हैं और 29 जून तक पुलिस हिरासत में हैं। अब दोनों एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि दादा ने क्या उठाए थे सवाल?

8 दिन में तय हुई शादी, दादा को था इस बात का शक
दोनों परिवार 35-45 साल से एक-दूसरे को जानते थे। गोयल परिवार ने ही सबसे पहले शादी का प्रस्ताव रखा। केतन के दादा देवीचंद्र अग्रवाल ने दो सवाल उठाए थे कि लड़की सिया गोयल अभी बहुत छोटी है (20 साल), शादी कुछ साल बाद क्यों न की जाए? लेकिन गोयल परिवार के आग्रह पर बात आगे बढ़ी। फरवरी 2026 में सगाई हुई। उदयपुर के महल में नवंबर 2026 में भव्य शादी तय हुई।

परिवार ने 17 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी शुरू कर दी। सिया अग्रवाल परिवार में घुल-मिल गई। होली, पूजा, परिवार के कार्यक्रमों में शामिल होती। केतन की मां ने उसे बहू मान लिया था। दादा का कहना है कि अगर शादी नहीं करनी थी तो साफ कह देती। हम रद्द कर देते। इतना बड़ा कदम क्यों उठाया?

Who Is Ketan Grandfather Devichand Agarwal: केतन के दादा कौन?
केतन अग्रवाल, अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी के कारोबारी थे। उन्होंने अमेरिका के बैब्सन एफडब्ल्यू ओलिन ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से एंटरप्रेन्योरशिप में मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री हासिल की थी। इससे पहले उन्होंने पुणे की सिम्बायोसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) की पढ़ाई पूरी की थी। उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद केतन अपने पारिवारिक कारोबार से जुड़ गए और रियल एस्टेट कंपनी सक्सेस ग्रुप में बतौर डायरेक्टर और मुख्य विपणन अधिकारी (CMO) जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

सक्सेस ग्रुप की नींव वर्ष 2008 में केतन के दादा देवीचंद अग्रवाल (Devichand Agarwal) ने रखी थी। कंपनी में देवीचंद अग्रवाल चेयरमैन की भूमिका में थे, जबकि केतन के पिता विशाल अग्रवाल मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) थे। वहीं, केतन कंपनी के डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे। रियल एस्टेट के अलावा कंपनी हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भी सक्रिय है। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, पुणे और आसपास के इलाकों में अब तक 214 से अधिक प्रोजेक्ट पूरे किए जा चुके हैं। इससे शहर के रियल एस्टेट बाजार में सक्सेस ग्रुप की मजबूत मौजूदगी का अंदाजा लगाया जा सकता है। केतन को परिवार के कारोबार की अगली पीढ़ी का चेहरा माना जाता था और वे कंपनी के विस्तार तथा नई परियोजनाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

Ketan Agarwal Murder Case Timeline: 4 महीने की मौत की स्क्रिप्ट, सगाई से हत्या करने तक, क्या-क्या हुआ?
- 11 फरवरी: परिवारों की बैठक।
- 19 फरवरी: सिया और केतन की सगाई। शादी 25 नवंबर 2026 को तय।
31 मई 2026: पहली बार आया हत्या का ख्याल
- सगाई के बाद केतन अग्रवाल अक्सर सिया गोयल (20) को घूमाने ले जाता था।
- ट्रैकिंग के शौकीन केतन ने सिया को पुणे के लोहगढ़ किले पर घुमाने ले गया।
- किले की ऊंचाई और गहरी खाई देखकर सिया के मन में पहली बार केतन को धक्का देकर रास्ते से हटाने का विचार आया।
- जांच में सामने आया कि यहीं से हत्या की साजिश की शुरुआत हुई।
5 जून 2026: पासपोर्ट छिपाकर विदेश यात्रा रोकने की कोशिश
- केतन ने सिया और अपनी बहन के साथ इंडोनेशिया के बाली ट्रिप की योजना बनाई थी।
- सिया अपने प्रेमी चेतन चौधरी (22) के कारण केतन के साथ विदेश नहीं जाना चाहती थी।
- आरोप है कि उसने चोरी-छिपे केतन का पासपोर्ट अपने पास रख लिया। खो जाने का नाटक किया। इसका मकसद यात्रा रद्द कराना था।
14 जून 2026: 'सांप' वाली थ्योरी, और इराने नाकाम
- सिया ने दोबारा केतन को लोहगढ़ किले पर चलने के लिए तैयार किया।
- पुलिस के मुताबिक, उसने पीछे से केतन को खाई में धक्का देने की कोशिश की।
- गिरते समय केतन ने एक पेड़ की टहनी पकड़ ली, जिससे उसकी जान बच गई।
- जब केतन ने वजह पूछी तो सिया ने कहा कि उसने उसे सांप से बचाने के लिए ऐसा किया।
- भावुक केतन ने घर लौटकर परिवार को बताया कि सिया ने उसकी जान बचाई।
17 जून 2026: सिया और चेतन पुणे के एक कैफे में मिले
- सिया और चेतन पुणे के एक कैफे में मिले। पुलिस के अनुसार, यहीं अंतिम साजिश पर चर्चा हुई। लोहागढ़ का सुनसान स्पॉट (विंचू काटा रिज) फाइनल किया गया।
18 जून 2026: प्री-वेडिंग शूट के बहाने मौत का जाल, क्या-क्या हुआ?
- 19 जून को सिया का जन्मदिन था। केतन ने उसके लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिजॉर्ट में बर्थडे सेलिब्रेशन की तैयारी की थी।
- सिया ने प्री-वेडिंग फोटोशूट का बहाना बनाकर केतन को एक बार फिर लोहगढ़ किले पर बुलाया।
- सुबह 8:30 बजे केतन और सिया गहुंजे से निकले।
- पुलिस के अनुसार, वहां पहले से सिया का प्रेमी चेतन चौधरी दोपहिया वाहन से पहुंच चुका था। सीसीटीवी में हुडी और शॉर्ट्स में चेतन दिखा (चेहरा छिपा, हेडसेट लगाए)।
- जैसे ही केतन घाटी की ओर देखने के लिए आगे बढ़ा, दोनों ने मिलकर उसे 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया। इसी घटना में केतन की मौत हो गई।
- चेतन ने अपना फोन दुकान पर छोड़ दिया था, कर्मचारी का फोन साथ लिया।
- सिया ने केतन की मौत को 'हादसा' बताया। शव बरामद होने में 3 घंटे लगे।
22-23 जून 2026: सिया-चेतन अरेस्ट
- केतन की डेडबॉडी देखकर सिया का कोई रिएक्ट न करना और केतन की बहन के शक ने सिया को फंसा दिया।
- इसके बाद, पुलिस ने घटना को लेकर तहकीकात शुरू की। कई CCTV खंगााले, सिया के कॉल रिकॉर्ड से चेतन नाम का पर्दाफाश हुआ।
- चेतन से रात-रात भर घंटों बातें। 6 महीने में 2,004 कॉल्स (238 घंटे बातचीत) ने पुलिस के शक पर मुहर लगाई।
- पुलिस ने सिया-चेतन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में जुर्म कबूलते ही अदालत ने सिया-चेतन की 29 जून तक पुलिस रिमांड दी।
24-25 जून 2026: लेटेस्ट अपडेट
- दोनों आमने-सामने। अब एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। सिया चेतन पर, चेतन सिया पर हत्या का ठीकरा फोड़ रहा है।
- सिया के पिता प्रवीण गोयल की तबीयत बिगड़ी। सीने में दर्द, रूबी हॉल क्लिनिक में ICU में भर्ती। तनाव से हार्ट अटैक का शक।
- चेतन के परिवार का दावा है कि सिया झूठ बोल रही है, चेतन निर्दोष है।
मकसद क्या था?
पुलिस के अनुसार, सिया चेतन से प्यार करती थी, लेकिन परिवार की इज्जत और बदनामी के डर से शादी तोड़ना नहीं चाहती थी। केतन को 'रास्ते से हटाना' ही एकमात्र रास्ता नजर आया। चेतन ने पूछताछ में कहा कि वो भागना भी नहीं चाहती थी। दोनों परिवारों के पुराने रिश्ते ने भरोसा बढ़ाया, लेकिन यही भरोसा घातक साबित हुआ।
जांच कैसे हुई? सबूतों का ढेर
- सीसीटीवी: हुडी वाला शख्स चेतन की पहचान, सिया का पीछे मुड़कर देखना।
- कॉल डिटेल्स: 6 महीने में 2,004 कॉल्स।
- रेकी: पहले के प्रयास, लोकेशन चुनना।
- केतन का बैकग्राउंड: अनुभवी ट्रेकर, इतनी आसानी से गिरना संदिग्ध।
- परिवार की शिकायत: केतन के दादा, और पिता विशाल अग्रवाल और बहन के संदेह।
पुलिस जांच जारी है। कोर्ट में मामला चलेगा। केतन की मां-बाप न्याय चाहते हैं। एक छोटी सी जिद, कुछ महीनों की साजिश और एक जवान जिंदगी हमेशा के लिए चली गई।













Click it and Unblock the Notifications