सिया ने 4 महीने पहले कर ली थी शादी? अब वकील ने बताई सच्चाई, केतन मर्डर केस में अब किस बात की हो रही जांच?
Ketan Agarwal Death Case: पुणे के मशहूर युवा रीयल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री में उस वक्त एक नया मोड़ आ गया, जब आरोपी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी के बीच एक सीक्रेट शादी की बात सामने आई। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि दोनों ने केतन की मौत से 4 महीने पहले ही छिपकर शादी रचा ली थी।
अब इस पूरे मामले पर पहली बार बचाव पक्ष यानी सिया गोयल की लीगल टीम ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। सिया गोयल के वकील ने इन खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें पूरी तरह बेबुनियाद और मनगढ़ंत करार दिया है। दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि मोबाइल चैट और डिजिटल सबूतों के आधार पर इस पहलू की जांच अभी जारी है। ऐसे में इस मामले में दो अलग-अलग दावे सामने आने से जांच और दिलचस्प हो गई है।

वकील विपुल दुशिंग का बड़ा बयान:'सीक्रेट मैरिज की बातों में कोई दम नहीं'
मंगलवार (07 जुलाई) को सिया गोयल का केस लड़ रहे एडवोकेट विपुल दुशिंग ने एक आधिकारिक बयान जारी कर मीडिया में चल रही शादी की खबरों पर फुल स्टॉप लगाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "कई अखबारों और ऑनलाइन रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि सिया गोयल और चेतन चौधरी ने परिवार से छिपकर शादी कर ली थी, लेकिन इन खबरों में कोई तथ्य नहीं है। इन दावों में कोई दम नहीं है और हम इसे पूरी तरह खारिज करते हैं।"
वकील ने कहा कि इस पूरे दावे का कोई आधार नहीं है। यह बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि यह पहली बार है जब सिया के वकीलों ने सामने आकर पुलिस सोर्सेज के हवाले से चल रही खबरों पर अपना पक्ष रखा है। वकील के मुताबिक जब शादी हुई ही नहीं तो केतन के साथ सगाई के दौरान इसे छिपाकर रखने का कोई सवाल ही नहीं उठता।
आखिर पुलिस को क्यों हुआ सिया गोयल के सीक्रेट शादी का शक?
- मोबाइल चैट से मिला सुराग: पुणे ग्रामीण पुलिस के एक सीनियर अफसर ने जानकारी दी है कि न्यायिक हिरासत में चल रहे दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन से जो व्हाट्सएप चैट्स रिकवर हुए हैं, उनकी बारीकी से जांच करने पर गुप्त शादी के संकेत मिले हैं।
- इंस्टाग्राम की तस्वीरें और वरमाला: पुलिस की टेक्निकल टीम सिया के एक प्राइवेट इंस्टाग्राम अकाउंट से डिलीट की गई तस्वीरों को रिकवर करने में जुटी है। सूत्रों का कहना है कि इन तस्वीरों में सिया और चेतन एक-दूसरे को वरमाला पहनाते हुए दिख रहे थे। अगर ये तस्वीरें वापस मिल जाती हैं, तो यह केस की सबसे बड़ी कड़ी साबित होंगी।
- कॉलेज के दोस्तों पर नजर: जांच एजेंसी के रडार पर सिया के कॉलेज के दो दोस्त भी हैं, जिनके बारे में शक है कि उन्होंने इस गुपचुप शादी में बतौर गवाह (विटनेस) साइन किए थे। पुलिस उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है ताकि मैरिज सर्टिफिकेट का सच पता चल सके।
केतन अग्रवाल हत्या के मामले में अब तक क्या सामने आया?
इस पूरी खूनी साजिश की कहानी बेहद खौफनाक है। पुलिस की अब तक की जांच के मुताबिक 25 साल के केतन अग्रवाल और 20 साल की सिया गोयल की सगाई इसी साल फरवरी में हुई थी और नवंबर में दोनों की शादी होने वाली थी। लेकिन सिया का झुकाव अपने 22 साल के दोस्त चेतन चौधरी की तरफ था और वे दोनों केतन को अपने रास्ते का कांटा मानने लगे थे।
इसी कांटे को हटाने के लिए दोनों ने मिलकर एक खौफनाक प्लान तैयार किया। 18 जून को केतन को पुणे जिले के ऐतिहासिक लोहगढ़ किले पर घूमने के बहाने ले जाया गया। वहां मौका पाकर सिया और चेतन ने केतन को गहरी खाई से नीचे धकेल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि इससे पहले 14 जून को भी केतन को मारने की एक नाकाम कोशिश की गई थी।
अदालत ने जेल भेजा, कोड वर्ड डिकोड करने में जुटी पुलिस
हाल ही में पुलिस कस्टडी की अवधि खत्म होने के बाद दोनों आरोपियों को जुडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास ए एम विभूते की अदालत में पेश किया गया था। सरकारी वकील ने कोर्ट से तीन दिन की और पुलिस कस्टडी मांगी थी। उनका तर्क था कि आरोपियों के फोन से जो चैट मिले हैं, उनमें कई जगह कोड वर्ड और सीक्रेट साइन्स (चिन्हों) का इस्तेमाल किया गया है, जिन्हें डिकोड करने के लिए आमने-सामने बिठाकर पूछताछ जरूरी है।
हालांकि, बचाव पक्ष के विरोध के बाद अदालत ने पुलिस की अर्जी नामंजूर करते हुए सिया और चेतन को 16 जुलाई तक के लिए 14 दिन की न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है। फिलहाल, पुणे पुलिस ने वकील के इस नए बयान पर अपनी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। डिजिटल और फॉरेंसिक सबूतों के सहारे इस मर्डर मिस्ट्री की गुत्थी सुलझाने का काम लगातार जारी है।














Click it and Unblock the Notifications