IND vs PAK Match के विरोध में शिवसेना UBT की महिलाओं ने सिंदूर लेकर किया प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं ने फोड़े टीवी
India vs Pakistan Asia Cup: एशिया कप 2025 में रविवार को होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मैच का जमकर विरोध हो रहा है। महाराष्ट्र में इस मैच के खिलाफ शिवसेना (यूबीटी) की महिला कार्यकर्ताओं ने हथेलियों में 'सिंदूर' लेकर प्रदर्शन किया। इसके अलावा महिलाओं ने पीएम मोदी को सिंदूर भेजा।
वहीं अन्य प्रदर्शनकारियों ने इस प्रदर्शन के दौरान टेलीविजन सेट तोड़े और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के साथ-साथ केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।

दरअसल, रविवार को शिव सेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रवक्ता आनंद दुबे के नेतृत्व में एशिया कप 2025 में होने वाले भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह "हमारी बहनों के सिंदूर का अपमान" है।
कार्यकर्ताओं का यह प्रदर्शन भारत और पाकिस्तान के बीच आगामी क्रिकेट मुकाबले को लेकर था, जिस पर वे अपनी आपत्ति जता रहे थे।इसके अलावा पार्टी नेता आनंद दुबे ने सोनी पिक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड को एक पत्र लिखकर आज दुबई में होने वाले मैच के सीधे प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की।
दुबे के पत्र में कहा गया है, "हम आपसे अनुरोध करते हैं कि दुबई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले भारत-पाकिस्तान एशिया कप मैच, 2025 के सीधे प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। इस मैच का भारत में प्रसारण नहीं होना चाहिए। हम आपसे त्वरित और सकारात्मक प्रतिक्रिया की उम्मीद करते हैं।"
बता दें दो दिन पहले ही शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने घोषणा की थी कि पार्टी की महिला कार्यकर्ता पूरे महाराष्ट्र की सड़कों पर उतरेंगी और हर घर से सिंदूर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजेंगी। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ भारत के मैच खेलने का विरोध करते हुए सरकार पर देशभक्ति के साथ राजनीति और व्यापार को मिलाने का आरोप लगाया।
युद्ध और क्रिकेट एक ही समय में कैसे हो सकते हैं?
बता दें पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच लगातार ट्रेंशन जारी है इसी बीच भारत-पाकिस्तान का मैच हो रहा, जिसका विपक्षी पार्टियां और बड़ी संख्या में लोग विरोध कर रहे हैें। उद्धव ठाकरे ने कहा था, "हमारे प्रधानमंत्री ने कहा था कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते, तो खून और क्रिकेट एक साथ कैसे बह सकते हैं? युद्ध और क्रिकेट एक ही समय में कैसे हो सकते हैं? उन्होंने देशभक्ति में व्यापार किया है। देशभक्ति का धंधा सिर्फ पैसे के लिए है। वे कल भी मैच खेलने जा रहे हैं, क्योंकि वे उस मैच से मिलने वाला सारा पैसा चाहते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications