IIM Nagpur में ऐसा क्या हुआ? आगबबूला हुए 400 छात्रों ने मिड-टर्म परीक्षा का किया बहिष्कार
IIM Nagpur students boycott mid-term exam: देश के सबसे प्रतिष्टित मैनेजमेंट संस्थानों में से एक, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट नागपुर (IIM नागपुर), में छात्रों ने मिड-टर्म परीक्षाओं का बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन कर दिया है। यह विरोध उन 40 फर्स्ट-ईयर छात्रों के समर्थन में हो रहा है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला..
परीक्षा में बैठने से छात्रों को रोका गया
रात में बिना अनुमति कैंपस से बाहर रहने के आरोप में आईआईएम नागपुर ने कैंपस अनुशासन का उल्लंघन करने के आरोप में करीब 75 एमबीए फर्स्ट इयर के छात्रों को मिड-टर्म एग्जाम में बैठने से रोक दिया है। ये छात्र संस्थान की पूर्व अनुमति के बिना एक रिसॉर्ट में 'पूल पार्टी' में शामिल हुए थे। एक अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई कैंपस अनुशासन और छात्रावास नियमों के उल्लंघन के लिए की गई है।

वेलेंटाइन पर पूल पार्टी करने गए थे
संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, लगभग 75 प्रथम और द्वितीय वर्ष के एमबीए छात्र 14 फरवरी को एक रिसॉर्ट गए थे। यह पूल पार्टी छात्र क्लबों द्वारा निवर्तमान द्वितीय वर्ष के बैच को विदाई देने के लिए आयोजित की गई थी। छात्रों ने कथित तौर पर रिसॉर्ट में रात गुजारी और अगली सुबह कैंपस लौटे, जहां उन्हें मेट गेट पर अधिकारियों ने रोक लिया था।
सोमवार रात को, प्रशासन ने प्रथम वर्ष के छात्रों को ईमेल भेजकर सूचित किया कि उन्हें 24 फरवरी से शुरू होने वाली मिड-टर्म परीक्षाओं में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसे एक अनुशासनात्मक उपाय बताया गया था। वहीं, द्वितीय वर्ष के छात्रों की अंतिम परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू होनी थीं।
400 छात्रों ने कैंपस में मौन विरोध प्रदर्शन किया
इस सूचना के बाद, दोनों बैचों के लगभग 400 छात्रों ने कैंपस में मौन विरोध प्रदर्शन किया और परीक्षाओं का बहिष्कार करने की चेतावनी दी। हालांकि, प्रशासन द्वारा अपनी स्थिति स्पष्ट करने के बाद यह विरोध प्रदर्शन वापस ले लिया गया।
क्या बोला IIM Nagpur प्रशासन?
बाद में, संस्थान ने स्पष्ट किया कि अनुशासनात्मक कार्रवाई केवल उन प्रथम वर्ष के छात्रों पर लागू होगी जो बिना पूर्व अनुमति के इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। द्वितीय वर्ष के छात्रों को उनकी अंतिम परीक्षाओं में बैठने की अनुमति होगी, और जिन छात्रों ने पहले से अनुमति ली थी, उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। प्रशासन ने यह भी बताया कि प्रभावित प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए मध्यावधि परीक्षाएं बाद की तारीख में आयोजित की जाएंगी।
छात्राओं के अभिभावकों को शिकायत करने पर भड़के छात्र
एक अन्य घटनाक्रम में, संस्थान ने कार्यक्रम में शामिल छात्राओं के माता-पिता से संपर्क किया। उन्हें बताया गया कि छात्रावास के नियमों का उल्लंघन हुआ है और छात्र रात भर बाहर रहे थे। इस कदम पर छात्रों ने आपत्ति जताई और सवाल उठाया कि केवल छात्राओं के अभिभावकों को ही क्यों सूचित किया गया।
IIM Nagpur में क्या है नियम?
कैंपस नियमों के अनुसार, सभी एमबीए छात्रों को कैंपस में रहना अनिवार्य है और उन्हें रात 10 बजे के बाद बाहर जाने या बिना आधिकारिक सूचना के अनुपस्थित रहने की अनुमति नहीं है। छात्रों ने आवागमन रजिस्टर में कथित तौर पर दर्ज किया था कि वे घर जा रहे थे, जबकि वे रिसॉर्ट पार्टी में शामिल हुए और अगले दिन लौटे। संस्थान ने अभिभावकों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मांगा है और संकेत दिया है कि कुछ मामलों में अस्थायी निलंबन भी लगाया जा सकता है।
संस्थान के अधिकारियों ने कहा कि छात्रों को नियमों की जानकारी थी और अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई आवश्यक थी। उन्होंने यह भी कहा कि जहां एक ओर जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी, वहीं छात्रों के शैक्षणिक भविष्य पर कोई दीर्घकालिक नकारात्मक प्रभाव न पड़े, इसके लिए भी प्रयास किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications