गणपति विसर्जन और ईद मिलाद-उन-नबी जुलूस एक ही दिन पड़ रहा, मुस्लिम समुदाय ने लिया बड़ा निर्णय
Eid-Milad-Un-Nabi Juloos and ganpati visarjan: महाराष्ट्र में ईद मिलाद-उन-नबी का मुख्य जुलूस इस साल 8 सितंबर को निकाला जाएगा। पहले यह जुलूस 6 सितंबर को होना था, लेकिन इसी दिन अनंत चतुर्थी पर गणपति विसर्जन भी है। सद्भाव बनाए रखने के लिए मुस्लिम समुदाय ने जुलूस की तारीख बदलने का फैसला किया है।
समाजवादी पार्टी के नेता और विधायक अबू आसिम आज़मी ने इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से 8 सितंबर को सरकारी अवकाश घोषित करने का आग्रह किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि मुस्लिम समुदाय ने हिंदू-मुस्लिम एकता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया है।

आज़मी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि 8 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर मुस्लिम समुदाय की भावनाओं का सम्मान किया जाए। सपा विधायक रईस शेख ने भी मुख्यमंत्री फडणवीस को इस संबंध में पत्र लिखा है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार को भी अवकाश की मांग करते हुए अनुरोध पत्र भेजे गए हैं। अबू आज़मी ने यह भी बताया कि इस साल 6 सितंबर को गणेश विसर्जन और ईद मिलाद का जुलूस एक साथ पड़ रहा है।
ऑल इंडिया खिलाफत कमेटी के अध्यक्ष सरफराज़ अर्जू ने बताया कि यह लगातार तीसरा साल है जब ईद-ए-मिलाद और गणेश विसर्जन एक ही दिन पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, "पिछली बार की तरह इस बार भी हमने जुलूस को स्थगित करने का निर्णय लिया, ताकि किसी को असुविधा न हो।"
पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिन की याद में मनाई जाने वाली ईद मिलाद-उन-नबी इस साल 5 सितंबर को पड़ रही है। हालांकि, मुख्य जुलूस 6 सितंबर को निकलना था। कमेटी ने दोनों त्योहारों के शांतिपूर्ण और सुचारु ढंग से संपन्न होने के लिए जुलूस को 8 सितंबर तक स्थगित करने का निर्णय लिया है।
यह आयोजन इसलिए भी खास महत्व रखता है क्योंकि यह पैगंबर मोहम्मद की 1500वीं जयंती है। मुस्लिम समुदाय और ऑल इंडिया खिलाफत कमेटी को उम्मीद है कि सरकार उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए 8 सितंबर को अवकाश घोषित करेगी।












Click it and Unblock the Notifications