डिप्टी सीएम फडणवीस ने किया खुलासा- महाराष्ट्र ने लगातार दूसरे साल सबसे अधिक FDI को आकर्षित किया
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को खुलासा किया कि राज्य ने लगातार दूसरे वर्ष भारत में सबसे अधिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) को आकर्षित करने में अव्वल रहा है।
उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र 2022-23 में इस लिस्ट में टॉप पर रहा और 2023-24 में भी अव्वल रहते हुए रिकार्ड बनाया है।

30 मई को जारी डीपीआईआईटी के आंकड़ों से पता चलता है कि महाराष्ट्र को इस साल पिछले साल की तुलना में ज़्यादा एफडीआई मिला है।
महाराष्ट्र डिप्टी सीएम फडणवीस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की जिसमें उन्होंने लिखा "अपनी बात पर अमल करने, काम करने और खुद को साबित करने के लिए हिम्मत की ज़रूरत होती है, लेकिन सिर्फ़ बकवास करने से हिम्मत नहीं मिलती। लगातार दूसरे साल महाराष्ट्र सबसे ज़्यादा FDI आकर्षित करने में नंबर 1 पर है। 2022-23 में FDI आकर्षित करने में नंबर 1 रहने के बाद, महाराष्ट्र एक बार फिर शीर्ष पर है।
बता दें वित्तीय वर्ष 2022-23 में महाराष्ट्र को 1,18,422 करोड़ रुपये का एफडीआई मिला, जो 2023-24 में बढ़कर 1,25,101 करोड़ रुपये हो गया। फडणवीस ने ये जानकारी देते हुए बताया ये निवेश गुजरात को प्राप्त कुल एफडीआई से दोगुना से भी अधिक है और दूसरे स्थान पर रहने वाले गुजरात और तीसरे स्थान पर रहने वाले कर्नाटक की संयुक्त राशि से भी अधिक है।
उन्होंने कहा कि महा विकास अघाड़ी (एमवीए) कार्यकाल के दौरान निवेश आकर्षित करने में पिछड़ने वाला महाराष्ट्र अब लगातार दो वर्षों से शीर्ष स्थान हासिल कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications