Maharashtra:कांग्रेस से निष्कासित आशीष देशमुख बीजेपी में वापस, 2024 के चुनाव को लेकर की बड़ी घोषणा
महाराष्ट्र में कांग्रेस से निष्कासन के एक महीने के भी अंदर पूर्व एमएलए आशीष देशमुख ने रविवार को बीजेपी में वापसी कर ली है। उनकी इस वापसी को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नागपुर में आशीष देशमुख की बीजेपी में वापसी बीजेपी के बड़े नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में कराई गई है। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले भी मौजूद थे।

आशीष देशमुख के टारगेट पर पटोले और ठाकरे
भाजपा में शामिल होते ही आशीष देशमुख ने प्रदेश में अपनी भविष्य की राजनीति के लिए अपना इरादा साफ कर दिया है। उनके टारगेट पर फिलहाल कांग्रेस नेतृत्व और उद्धव ठाकरे हैं। ठाकरे पर तो उन्होंने 2019 में फडणवीस की पीठ में छुरा घोंपने तक का आरोप लगाया दिया है।
2014 में अपने चाचा अनिल देशमुख को हराया था
आशीष देशमुख के पिता रंजीत देशमुख महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हैं। बाद में उन्होंने अपनी एक अलग पार्टी बना ली थी। आशीष 2014 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हुए थे। तब वह नागपुर जिले की काटोल विधानसभा से चुनाव लड़े थे और अपने चाचा और एनसीपी के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री अनिल देशमुख को हरा दिया था।
2019 में फडणवीस से हारे थे चुनाव
लेकिन, 2018 में उन्होंने बीजेपी नेताओं से मतभेद की वजह से पार्टी छोड़ दी थी और फिर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस ने उन्हें 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री और मौजूदा डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट से उतारा था।
राहुल गांधी से कहा था- ओबीसी से मांगें
लेकिन, उन्होंने 'मोदी सरनेम' वाले मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से ओबीसी समाज से माफी मांगने की मांग कर दी थी। उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले पर भी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की हाथ की कठपुतली होने का आरोप लगाया था। पार्टी नेतृत्व के खिलाफ सार्वनिक बयानों की वजह से पिछले महीने कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया था।
2024 में चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा
बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा है, '2024 में लोकसभा या विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ूंगा। मैं पार्टी के लिए काम करूंगा और ओबीसी की हितों की रक्षा करूंगा।' इस मौके पर उन्होंने नाना पटोले का नाम लिए बिना उनपर जोरदार हमला किया।
'विदर्भ में 'नानागीरी' खत्म करूंगा'
वो बोले, 'मैं विदर्भ क्षेत्र में 'नानागीरी' (पटोले की ओर इशारा) खत्म करने की दिशा में काम करूंगा। पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने तत्कालीन सीएम फडणवीस की पीठ में छुपा घोंपा था। अब उन्हें उनकी जगह दिखाने का समय आ गया है।' (इनपुट- पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications