Maharashtra Exit Poll 2024: ठाकरे परिवार से छिन गई शिवसेना, शिंदे का महाराष्ट्र में वर्चस्व! उद्धव हो गए फेल?
Maharashtra Exit Poll 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं ज्यादातर एग्जिट पोल भी सामने आ चुके हैं। अगर एग्जिट पोल की माने तो इस बार महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना, मुख्यमंत्री शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से पिछड़ती नजर आ रही है। ज्यादातर एग्जिट पोल में महायुति (बीजेपी, शिवसेना शिंदे, एनसी अजित पवार) बढ़त बनाये हुए है।
मैट्रीज के Exit Poll ने भाजपा को 89 से 101, शिवसेना को 37 से 45 और एनसीपी को 17 से 26 सीटों पर जीतने का अनुमान लगाया है। वहीं, कांग्रेस 39 से 47, शिवसेना यूबीटी 21 से 29 और एनसीपी एसपी 35 से 43 सीटें जीत सकती है। साल 2019 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा और अविभाजित शिवसेना साथ मिलकर चुनाव लड़ रही थीं, लेकिन बाद में उद्धव ने कांग्रेस और एनसीपी के साथ सरकार बना ली थी।

इस बार महायुति की घटक दल भारतीय जनता पार्टी का 152 सीटों पर चुनाव लड़ना तय हुआ था। जबकि, महाविकास अघाड़ी की तरफ से सबसे ज्यादा 101 सीटें कांग्रेस के खाते में गईं थीं। जहां एक तरफ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना 80 सीटों पर चुनाव लड़ा रही थी तो वहीं दूसरी तरफ उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 96 सीटों पर कैंडिडेट उतारे थे। उपमुख्यमंत्री अजित पवार की एनसीपी 52 और एनसीपी एसपी को 87 सीटें दी गईं थी।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम और एग्जिट पोल
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 में, बीजेपी ने 105 सीटें जीतीं, अविभाजित शिवसेना ने 56 सीटें जीतीं और अविभाजित एनसीपी ने 54 सीटें जीतीं थी जबकि कांग्रेस को 44 सीटों पर जीत मिली थी। इंडिया टुडे-एक्सिस ने एनडीए (शिवसेना और बीजेपी) के लिए 166-194 सीटों और यूपीए (कांग्रेस-एनसीपी) के लिए 72-90 सीटों की भविष्यवाणी की थी।
न्यूज़18-आईपीएसओएस ने एनडीए के लिए 243 सीटें और यूपीए के लिए 41 सीटों की भविष्यवाणी की थी। रिपब्लिक-जन की बात ने एनडीए के लिए 216-230 सीटें और यूपीए के लिए 52-59 सीटों की भविष्यवाणी की थी। टाइम्स नाउ ने एनडीए के लिए 230 सीटें और यूपीए के लिए 48 सीटों की भविष्यवाणी की थी। एबीपी न्यूज़-सी वोटर ने एनडीए के लिए 204 सीटें और यूपीए के लिए 69 सीटों की भविष्यवाणी की थी।












Click it and Unblock the Notifications