महाराष्ट्र के बिजली उपभोक्ताओं को झटका, सभी कंपनियों ने बढ़ाए दाम
Maharashtra में बिजली महंगी हो गई है। वहां पर सभी कंपनियों के दाम बढ़ गए हैं।

महाराष्ट्र के लोगों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है, जहां नए वित्त वर्ष के पहले दिन से बिजली महंगी हो गई। महाराष्ट्र विद्युत नियामक आयोग (एमईआरसी) ने बेस्ट, टाटा पावर, महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) और अडानी जैसी बिजली वितरण कंपनियों को दरें बढ़ाने की मंजूरी दे दी थी। ऐसे में 1 अप्रैल से अब नई दरों के तहत भुगतान होगा।
एमईआरसी ने 2023-24 के लिए 2.9 फीसदी और 2024-25 के लिए 5.6 फीसदी बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इसके पीछे की वजह आपूर्ति लागत को बताया जा रहा। एमईआरसी का मानना है कि बिजली उत्पादन की लागत में बढ़ोतरी हो रही है। जिस वजह से अब टैरिफ को बढ़ाना पड़ा।
किसके लिए कितने बढ़े दाम?
- रेजिडेंशियल के लिए 2023-23 और 2024-25 के लिए 6-6 प्रतिशत दाम बढ़े हैं।
- बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट को 2023-24 के लिए 6.19 प्रतिशत और 2024-25 के लिए 6.75 प्रतिशत बढ़ोतरी की मंजूरी मिली है।
- अडानी इलेक्ट्रिसिटी के उपभोक्ता 2023-24 के लिए 5 प्रतिशत और 2024-25 के लिए 2 प्रतिशत ज्यादा भुगतान करेंगे।
- टाटा पावर के उपभोक्ताओं के लिए 2023-24 में 10 प्रतिशत और 2024-25 में 21 प्रतिशत की मंजूरी मिली है।
डिप्टी सीएम ने दिया था आश्वासन
जब बिजली कंपनियों ने टैरिफ बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा था, तब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आश्वासन दिया था कि राज्य सरकार ये सुनिश्चित करेगी कि बिजली दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी तर्कहीन ना हो।
हिमाचल में बढ़े दाम
वहीं दूसरी ओर हिमाचल में भी बिजली उपभोक्ताओं को भी झटका लगा है, जहां बिजली की दरों में 22 से 46 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी हो गई है। वहीं व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं को जो सब्सिडी मिल रही, उसको भी नई सरकार ने बंद कर दिया। वहीं कांग्रेस ने चुनाव से पहले घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा किया था, उस पर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। ऐसे में दाम बढ़ने से उपभोक्ता काफी नाराज हैं।












Click it and Unblock the Notifications