'वेबसाइट पर उपलब्ध है जानकारी,देख लीजिये', महाराष्ट्र वोटर लिस्ट पर कांग्रेस के सवालों पर ECI ने दिया जवाब
Election Commission: कांग्रेस पार्टी ने पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए थे। इस बीच, मंगलवार (24 दिसंबर 2024) को चुनाव आयोग ने कांग्रेस को जवाब दिया है। आयोग ने बताया कि महाराष्ट्र के प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से संबंधित पार्टी द्वारा मांगी गई सभी जानकारी और फॉर्म 20 महाराष्ट्र चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है, जिसे डाउनलोड किया जा सकता है।
वोटर लिस्ट से मतदाताओं के नाम काटे जाने पर कांग्रेस ने उठाए थे सवाल
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए थे। कांग्रेस की शिकायत में कहा गया था कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच 80,391 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं, यानी औसतन 2,779 मतदाताओं का नाम एक विधानसभा क्षेत्र से काटा गया।

चुनाव आयोग का बयान: पूरी प्रक्रिया का पालन किया गया
चुनाव आयोग ने इस पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि जिन मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, उनके लिए पूरी प्रक्रिया का पालन किया गया है। आयोग ने बताया कि नोटिस जारी करने और फील्ड सर्वे के बाद यह सुनिश्चित किया गया कि या तो उन मतदाताओं की मृत्यु हो गई थी, या उनका पता बदल चुका था, या वे अब उस पते पर नहीं रहते थे, इसके बाद ही उनके नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए।
चुनाव आयोग ने कांग्रेस को दिया जवाब: पारदर्शिता और भागीदारी पर जोर
चुनाव आयोग ने कांग्रेस को जवाब देते हुए कहा कि पूरे चुनावी प्रक्रिया में राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की सक्रिय भागीदारी को प्रमुख स्तंभ माना जाता है। आयोग ने कहा कि इस प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस प्रतिनिधियों की भी भागीदारी थी।
चुनाव आयोग ने कांग्रेस से मिली शिकायतों का जवाब देते हुए बताया कि महाराष्ट्र में किसी भी विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर या असामान्य रूप से नामों की कटाई नहीं हुई है। औसतन, हर विधानसभा क्षेत्र में 2,779 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए, जो या तो मृत्यु, स्थानांतरण या डुप्लिकेट प्रविष्टियों के कारण थे, और यह पूरी प्रक्रिया के अनुसार किया गया।
चुनाव आयोग ने दिए 60 उदाहरण
चुनाव आयोग (ईसीआई) ने चुनावी प्रक्रिया में राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की सक्रिय भागीदारी को लेकर लगभग 60 उदाहरण दिए हैं। आयोग ने यह स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया के मुख्य हिस्सेदार राजनीतिक दलशुरूआत से लेकर मतदान तक प्रत्येक चरण में पूरी तत्परता से शामिल होते हैं।
चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि भारतीय चुनावी प्रक्रिया में राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की सार्थक भागीदारी एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। चुनाव प्रक्रिया के हर चरण में इनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाती है, ताकि चुनाव पारदर्शी, निष्पक्ष और उचित तरीके से संपन्न हो सके।
यह भी पढ़े सनी लियोनी के नाम पर हर महीने 1 हजार रुपये की धोखाधड़ी, एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर दिया ये रिएक्शन









Click it and Unblock the Notifications