Maharastra: ट्रेन में बीफ ले जाने के शक में बुजुर्ग पर हमला, नासिक की घटना, AIMIM सांसद ने शेयर किया वीडियो
Nashik Train Video: देश में एक बार फिर बीफ का मुद्दा गर्मा गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि अभी हरियाणा के चरखी-दादरी जिले में बीफ खाने के शक में एक प्रवासी मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं ऐसी ही एक घटना महाराष्ट्र के नासिक से सामने आई, जहां ट्रेन में गोमांस ले जाने के संदेह में एक बुजुर्ग व्यक्ति पर सहयात्रियों ने हमला बोल दिया।
ट्रेन के अंदर कथित तौर पर बुजुर्ग की पिटाई की वीडियो AIMIM सांसद इम्तियाज जलील ने साझा किया, जिसमें उन्होंने सरकार और पुलिस पर 'ऐसी ताकतों' के खिलाफ आंखें मूंदने का संगीन आरोप लगाया।

नासिक में एक ट्रेन में यात्रियों द्वारा एक बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला करने की घटना इगतपुरी के पास की बताई जा रही है। इस घटना को AIMIM सांसद इम्तियाज जलील ने एक्स पर साझा किया। साथ ही उन्होंने इस तरह की हरकतों को नजरअंदाज करने के लिए सरकार और पुलिस की जमकर आलोचना की।
जीआरपी ने इस घटना की पुष्टि इस हफ्ते की शुरुआत में की है। उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में कई लोगों को बुजुर्ग व्यक्ति को घेरते और धमकाते हुए दिखाया गया है। उसकी सफाई के बावजूद, उन्होंने बुजुर्ग पर हमला जारी रखा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जलगांव जिले के रहने वाले हाजी अशरफ मुन्यार बुजुर्ग व्यक्ति कल्याण में अपनी बेटी के घर जा रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे गोमांस नहीं, बल्कि बकरे का मांस ले जा रहे थे।
इस मामले में जीआरपी ने कहा कि हमले में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है, लेकिन अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
एआईएमआईएम सांसद इम्तियाज जलील ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर अपनी निराशा जाहिर की। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, "हम सिर्फ मूकदर्शक नहीं बने रह सकते। अब समय आ गया है कि हम, सभी धर्मनिरपेक्ष भारतीयों को इन ताकतों को हराने के लिए एक साथ आना चाहिए।"
इधर, जीआरपी के एक अधिकारी ने बताया, "हमने वीडियो का संज्ञान लिया है और पीड़ित की पहचान कर ली है। हमले में शामिल कुछ लोगों की पहचान भी कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।"












Click it and Unblock the Notifications