शिवसैनिकों से बोले एकनाथ शिंदे, महाविकास अघाड़ी के अजगर से शिवसेना को बचाने की यह लड़ाई
मुंबई, 26 जून। बागी शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा कि शिव सेना के कार्यकर्ताओं को यह बात समझनी चाहिए कि मैं पार्टी को महा विकास अघाड़ी के चंगुल से बाहर निकालने की लड़ाई लड़ रहा हूं। दरअसल महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बागी विधायकों के खिलाफ प्रदर्शन किया था जिसके बाद एकनाथ शिंदे का यह बयान सामने आया है। मराठी में किए एक ट्वीट में एकनाथ शिंदे ने शिवसैनिकों से कहा कि यह लड़ाई पार्टी को बचाने की लड़ाई है। यही नहीं एकनाथ शिंदे ने महाविकास अघाड़ी को अजगर तक करार दे दिया।

एकनाथ शिंदे ने मराठी में एक ट्वीट लिखकर कहा कि मेरे प्यारे शिवसैनिकों आप इस बात को समझने की कोशिश करिए कि मैं शिवसेना को बचाने के लिए यह लड़ाई लड़ रहा हूं, मैं शिवसेना को महाविकास अघाड़ी नाम के अजगर के चंगुल से बाहर निकालने के लिए यह लड़ाई लड़ रहा हूं। मैं इस लड़ाई को शिवसेना के कार्यकर्ताओं के हित के लिए समर्पित करता हूं। शिंदे और उनके समर्थकों ने इससे पहले कहा था कि वह शिवसेना को महाविकास अघाड़ी के अप्राकृतिक गठबंधन से बाहर निकालने चाहते हैं जो कांग्रेस और एनसीपी के साथ है। बता दें कि महाविकास अघाड़ी का गठन 2019 में हुआ था, जब भाजपा और शिवसेना के बीच टकराव हुआ था।
गौर करने वाली बात है कि महाराष्ट्र विधानसभा के डिप्टी स्पीकर ने 16 बागी विधायकों को अयोग्य घोषित करने के लिए नोटिस दिया था। इस नोटिस में कहा गया है कि 27 जून तक सभी 16 विधायक अपना जवाब दें। इस बीच एकनाथ शिंदे ने कहा कि शिवसेना में दो फाड़ नहीं होंगे और दूसरी शिवसेना का गठन नहीं किया जाएगा। दरअसल इस तरह की रिपोर्ट सामने आई थी कि बागी विधायक अलग शिवसेना का गठन कर सकते हैं जिसका नाम शिवसेना बालासाहेब होगा। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी आरोप लगाया था कि बागी विधायक शिवसेना को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications