अजित पवार की हुई NCP, लेकिन शरद पवार गुट समझौते के मूड में नही
एनसीपी पार्टी पर शरद पवार या अजित पवार किसका अधिकार इस विवाद पर चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला देते हुए पार्टी पर अधिकार अजित पवार को दिया है। चुनाव आयोग ने मंगलवार को अजित पवार के पक्ष में फैसला देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अगुवाई वाली एनसीपी ही असली नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी है। चुनाव आयोग के इस फैसले का अजित पवार ने स्वागत किया है।
अजित पवार ने कहा कि यह मसला चुनाव आयोग के पास था, इससे इतर एक और मामला विधानसभा स्पीकर के पास भी है। उस मसले को भी सुना गया और हमे उम्मीद है कि जल्द ही हमे फैसला मिलेगा। मैं चुनाव आयोग का फैसला विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। हम इस फैसले से बहुत खुश हैं और उनका शुक्रिया अदा करते हैं। बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार एनसीपी के फाउंडर हैं और अजित पवार के चाचा हैं।

वहीं चुनाव आयोग ने शरद पवार खेमे को यह विकल्प दिया है कि वह अपनी नई पार्टी के नाम के लिए आवेदन कर सकते हैं और इसके लिए तीन नाम दे सकते हैं। चुनाव आयोग की इस रियायत को 7 फरवरी दोपहर 3 बजे तक ही इस्तेमाल किया जा सकता है। बता दें कि पिछले 6 महीनों में इस मसले पर 10 बार सुनवाई हुई, जिसके बाद चुनाव आयोग ने अपना फैसला सुनाया है।
वहीं शरद पवार खेमे का कहना है कि हम इस फैसले के खिलाफ लड़ेंगे और सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। सुप्रिया सुले ने कहा कि जो शिवसेना के साथ हुआ, वही हमारे साथ हुआ है। इसके पीछे कोई अदृश्य शक्ति है जो देश में यह सब कर रही है। सुप्रिया सुले ने कहा कि हमारे पेपर ठीक थे, पार्टी के फाउंडर ही पार्टी के नेता हैं। देश का बच्चा-बच्चा जानता है कि एनसीपी शरद पवार की है।
शरद पवार खेमे के नेता जितेंद्र अवहाद ने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार ने इस पार्टी को फर्श से अर्श पर खड़ा किया है। हमे पता था कि ऐसा कुछ होगा। आज अजित पवार ने शरद पवार को राजनीतिक तौर पर चोक किया है। इस सबके पीछे अजित पवार हैं। इससे अगर किसी को शर्मशार होना चाहिए तो वह चुनाव आयोग है।












Click it and Unblock the Notifications