नशे में धुत स्कॉर्पियो सवार ने मारी जोरदार टक्कर, डेढ माह के मासूम समेत 4 की मौत
महाराष्ट्र में एक बार फिर से ड्रिंक एंड ड्राइव यानि शराब पीकर गाड़ी चलाने का मामला सामने आया है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार यह घटना छत्रपति संभाजी नगर में हुई है। इस हादसे में दो गाड़ियों के बीच हुई भयंकर टक्कर में चार लोगों की जान चली गई है। मृतक में एक डेढ़ महीने की बच्ची और 7 साल की बच्ची भी शामिल है। हादसे में दो व्यक्ति घायल भी हुए हैं।
अमरावती से पुणे जा रही एक गाड़ी को स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। नशे में धुत स्कॉर्पियो सवार की गाड़ी इतनी तेज रफ्तार में थी कि मौके पर सामने वाली गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। इस दुखद दुर्घटना में शामिल परिवार महाराष्ट्र के अमरावती जिले का रहने वाला है। वे पुणे जा रहे थे, तभी छत्रपति संभाजी नगर जिले में यह दुर्घटना घटी।

गाड़ी में बैठे सभी लोगों को गंभीर चोटें आई । इस हादसे में मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीड़ितों की पहचान मृणालिनी बेसरकर (38), आशालता पोपलघारे (65), दुर्गा सागर गीते (7) और एक नवजात शिशु के रूप में हुई है। घायलों में अजय बेसरकर (40) और शुभांगी गीते (35) शामिल हैं। दोनों को फिलहाल स्थानीय अस्पताल में इलाज मिल रहा है।
जांच में पता चला कि स्कॉर्पियो चालक बहुत नशे में था और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी घटना के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए अपनी जांच जारी रखे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications