देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता का दावा- मुंबई में ट्रैफिक की वजह से हो रहे तीन फीसदी तलाक
नई दिल्ली, 5 फरवरी: भारतीय जनता पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने दावा किया है कि मुंबई में हो रहे तलाकों के पीछे एक बड़ी वजह यहां लगने वाला जाम है। उनका कहना है कि ट्रैफिक के चलते लोग परिवार को समय नहीं दे पाते और तलाक होते हैं। मुंबई में हो रहे तलाक में से तीन फीसदी के पीछे उन्होंने ट्रैफिक को वजह बताया है।

क्या कहा है अमृता ने
अमृता फडणवीस शुक्रवार को प्रदेश-बीजेपी के जैन विभाग के ‘कैंसर मुक्त महाराष्ट्र अभियान' का उद्घाटन करने पहुंची थीं। यहां अमृता फडणवीस ने कहा, एक आम नागरिक के तौर पर मैं ये कह रही हूं कि मुंबई में यातायात की स्थिति काफी ज्यादा खराब हैं। जगह-जगह सड़क पर गड्ढों और ट्रैफिक के मुद्दे दिखाई देते हैं। ट्रैफिक के चलते लोग अपने परिवार को समय नहीं दे पाते हैं। मुंबई में तीन फीसदी तलाक ट्रैफिक की वजह से ही हो रहे हैं।
मुंबई मेयर, प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा हास्यास्पद
मुंबई की मेयर किशोरी पेडणेकर ने अमृता के बयान पर कहा है कि ये तर्क हास्यास्पद है। आखिर कैसे उन्होंने ये डाटा निकाला, ये समझ से परे हैं। मुंबईकरों को यह नहीं समझ आ रहा है कि उनके इस बयान पर हंसें या रोएं। वहीं शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी इसे एक मजाक कहा है।

अपनी गायकी को लेकर भी चर्चा में रहती हैं अमृता
अमृता फडणवीस बैंकिंग सेक्टर में काम करती हैं, हालांकि उनकी चर्चा उनके गायकी और फिल्म के शौक को लेकर होती है। उनको गायिकी और शायरी का शौक है, सोशल मीडिया पर भी वो काफी एक्टिव रहती हैं। अमृता के कई गाने भी रिलीज हो चुके हैं। वो मराठी और हिंदी फिल्मों में भी अपनी आवाज दे चुकी हैं। उन्होंने गायक बी प्राक के साथ बॉडीगार्ड के गाने 'तेरी मेरी प्रेम कहानी' गीत का रीमेक भी गाया था, जो कि काफी चर्चा में रहा था।












Click it and Unblock the Notifications