कोविड सेंटर घोटाला: संजय राउत के करीबी सुजीत पाटकर और किशोर बिसुरे गिरफ्तार, ED ने मांगा 8 दिनों की हिरासत
Covid Center Scam Case: कोविड सेंटर घोटाले मामले में ईडी ने संजय राउत के बिजनेस पार्टनर सुजीत पाटकर और डॉ. किशोर बिसुरे को गिरफ्तार किया है। दोनों पर बीएमसी कोविड सेंटर घोटाले का आरोप है। ईडी ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया।
ईडी ने आगे की जांच के लिए पीएमएलए अदालत से दोनों आरोपियों की 8 दिनों की हिरासत का अनुरोध किया है। यह पता लगाया जा सके कि इस बीएमसी घोटाला मामले में कितने अन्य लोग और बीएमसी अधिकारी शामिल हैं।

इससे पहले ED ने कोविड घोटाले मामले में संजय राउत के करीबियों पर शिकंजा कसा था। केंद्रीय जांच एजेंसी ने मुंबई के 14 ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह छापेमारी कोविड सेंटरों के लिए कॉन्ट्रैक्ट देने में अनियमितता के मामले में की गई थी।
आरोप है कि कोविड सेंटरों के ठेके में घोटाला किया गया था। आईएएस अधिकारी संजीव जायसवाल और कारोबारी सुजीत पाटकर समेत अन्य कई ठिकानों पर छापेमारी हुई थी। सुजीत पाटकर, संजय राउत के फैमिली फ्रेंड हैं।
इसके बाद ED ने आदित्य ठाकरे के करीबी सूरज चव्हाण को भी पूछताछ के लिए तलब किया था। ईडी ने सूरज चव्हाण के आवास सहित मुंबई में 15 जगहों पर छापेमारी की थी। इस दौरान उन्होंने कई दस्तावेज बरामद किए थे। मुंबई के चेंबूर इलाके में सूरज चव्हाण के आवास पर छापेमारी की गई थी।
ईडी ने छापेमारी के दौरान 68.65 लाख रुपये नकद जब्त किए थे।। सूत्रों ने बताया कि ईडी ने कई आपत्तिजनक दस्तावेजों के साथ कई मोबाइल फोन और लैपटॉप भी जब्त किए थे।












Click it and Unblock the Notifications