'कांग्रेस में एक या दो नहीं पांच-पांच पावरसेंटर', एक-एक कर संजय निरुपम ने खोल दिया सबके कांड
कांग्रेस ने महाराष्ट्र में पार्टी के चर्चित उत्तर भारतीय चेहरा संजय निरुपम को निष्कासित कर दिया है। उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया है। इस बीच कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने खुद सोशल मीडिया पर दावा किया है कि उन्होंने खुद ही पार्टी छोड़ दी है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दावा किया है कि उनके इस्तीफे के बाद पार्टी ने उनको निष्कासित करने का प्रस्ताव पारित किया है। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से संजय निरुपम पार्टी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे थे, जिसके बाद कांग्रेस ने संजय को स्टार कैंपेनर्स की लिस्ट से हटा दिया था।

संजय निरुपम ने एक्स पर अपने इस्तीफे की कॉपी भी साझा की है। इसके साथ ही उन्होंने लिखा है- ऐसा लगता है कि, कल रात पार्टी को मेरा त्यागपत्र मिलने के तुरंत बाद, उन्होंने मेरा निष्कासन जारी करने का निर्णय लिया। इतनी तत्परता देखकर अच्छा लगा।
संजय निरुपम गुरुवार को मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस में एक पावर सेंटर हुआ करता था और उसका एक कॉकस हुआ करता था जिसके खिलाफ बाकी लोग लड़ते रहते थे। इस समय कांग्रेस पार्टी में 5 पावर सेंटर हो गए हैं। इन पांतों पावर सेंटर के पांचों कॉकस हैं, सभी की अपनी लॉबी है जो आपस में टकराती रहती है।
संजय निरुपम ने कहा कि इन पांचों पावरसेंटर में पहला पावर सेंटर सोनिया गांधी का है। दूसरा पावर सेंटर राहुल गांधी का है। तीसरा पार्टी सेंटर बहन जी(प्रियंका गांधी) का है। चौथा पावर सेंटर अध्यक्ष महोदय का है। वहां तो ऐसे-ऐसे लोग हैं जिनका कोई राजनीतिक आधार तक नहीं है। वे अचानक ही ताकतवर हो गए हैं।
संजय निरुपम ने आगे कहा कि इसके अलावा एक और आखिरी पावरसेंटर है जो कि एआईसीसी के महासचिव केसी वेणुगोपाल का है। वो भी अपने ढंग से अपनी राजनीति करते हैं। इन पावर सेंटर में हो रहे टकराव की वजह से पार्टी की ये गत हुई है।
इससे पहले बुधवार को हुई कांग्रेस की बैठक में मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम को पार्टी से निष्कासित किए जाने का प्रस्ताव पारित हुआ था। पार्टी आलाकमान की सहमति के साथ ही अब इस पर मुहर लग गई है।
31 मार्च को कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र में 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की थी। इसमें संजय निरुपम का भी नाम था। लेकिन 3 अप्रैल को उन्हें इस लिस्ट से हटा दिया गया। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने बताया कि उनका नाम (संजय निरुपम) स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल था। हमने उसे हटा दिया है। जिस तरह से उनके बयान आ रहे हैं, वे पार्टी विरोधी हैं।
संजय निरुपम कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मुंबई उत्तर पश्चिम सीट पर चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन शिवसेना यूबीटी ने यहां से अमोल कीर्तिकर को अपना उम्मीदवार बना दिया जिससे निरुपम नाराज हो गए। यहां से संजय निरुपम चुनाव लड़ने की तैयारी में थे। उन्हें खुद राहुल गांधी ने यहां से टिकट का भरोसा दिया था।
निरुपम ने पहले भी सीट बंटवारे में कांग्रेस पर हावी होने के लिए शिवसेना यूबीटी की आलोचना की थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि संजय बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। चर्चा ये भी है कि अगर उनकी शिवसेना से डील फिक्स होती है तो वे मुंबई नार्थ वेस्ट सीट से उद्धव ठाकरे गुट ग्रुप के कैंडिडेट अमोल कीर्तिकर के सामने उतर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications