महाराष्ट्र: कांग्रेस ने शुरू की विधानसभा चुनाव की तैयारी, MVA के साथ सीट बंटवारे को लेकर गठित की समिति
Maharashtra Assembly elections: विधानसभा चुनाव को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। इंडिया ब्लॉक और एनडीए ने चुनाव को लेकर अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी। इसी क्रम में कांग्रेस ने महा विकास अघाड़ी (MVA) के सहयोगियों के साथ बातचीत के लिए एक समिति गठित की है।
इस कमेटी में नाना पटोले, बालासाहेब थोरात, विजय वडेट्टीवार, पृथ्वीराज चव्हाण, डॉ.नितिन राउत, आरिफ नसीम खान और सतेज (बंटी) पाटिल का नाम शामिल है। चुनाव समिति गठित किए जाने की जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी है। इस संबंध में केसी वेणुगोपाल ने एक लेटर जारी किया है।

कांग्रेस महासिचव की तरफ से जारी लेटर में बताया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने मुंबई के लिए भी तीन नेताओं की एक कमेटी बनाई है। जिसमें वर्षा गायकवाड़, अशोक जगताप (भाई जगताप) और असलम शेख को शामिल किया गया है। ये सभी नेता कांग्रेस की तरफ से शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेताओं के साथ मीटिंग करेंगे।
इस मीटिंग का मकसद महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर होगा। ये नेता यह भी तय करेंगे कि कांग्रेस प्रदेश की किन सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। वहीं, इससे पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने बड़ी घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी मनसे महाराष्ट्र की 200 से 250 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications