शिवसेना-भाजपा के फिर से साथ आने की अटकलों पर क्या बोले उद्धव ठाकरे
शिवसेना-भाजपा के फिर से साथ आने की अटकलों पर क्या बोले उद्धव ठाकरे ने साफ किया स्टैंड, दिया ये जवाब
मुंबई, 6 जुलाई: महाराष्ट्र में हाल के दिनों में पहले भाजपा और शिवसेना नेताओं की ओर से कुछ इस तरह के कुछ बयान आए हैं, जिसके बाद कहा जाने लगा कि दोनों दल फिर से साथ आ सकते हैं। हालांकि शिवसेना के प्रमुख और राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने ऐसे किसी संभावना को खारिज कर दिया है। ठाकरे की ओर से कहा गया है कि महाराष्ट्र में शिवेसना की सरकार कांग्रेस और एनसीपी के साथ ही चलेगी।

मंगलवार को शिवसेना-भाजपा के साथ आने की अटकलों पर हुए सवाल पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा, मैं अभी भी अजित पवार (एनसीपी नेता) और बालासाहेब थोराट (कांग्रेस नेता) के साथ बैठा हूं। मैं साफ कर दूं कि मैं कहीं नहीं जा रहा हूं। ठाकरे ने मुंबई में फर्जी टीककरण मामले को लेकर कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों को इसके माध्यम से टीका लगाया गया था, उन्हें चिकित्सा जांच और डॉक्टरों की सलाह के बाद एक बार फिर से टीका लगाया जाएगा।
भाजपा की ओर से लगे आरोपों पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि हम पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। इसे काला दिवस कहा जा रहा है, लेकिन क्या केंद्र लोकतंत्र को सफेद करता है जब वे जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर दबाव बनाने का काम करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का राज्य सरकार को कमजोर करने का प्रयास असफल रहा और अभी भी विफल है। जब हमने ओबीसी समुदाय को न्याय देने की बात की तो उन्होंने विषय बदल दिया।
भाजपा-शिवसेना के साथ आने की चर्चा क्यों
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम, भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को फिर से शिवसेना से गठबंधन के सवाल पर कहा था कि दोनों पार्टियों की कोई दुश्मनी नहीं है। शिवसेना के साथ कुछ मतभेद तो हो सकते हैं लेकिन हम दुश्मन नहीं हैं। देवेंद्र फडणवीस के बयान पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि हम भारत-पाकिस्तान के जैसे नहीं हैं। आमिर खान और किरण राव को देखिए, यह उनकी तरह हैं। हम राजनीतिक तरीके अलग हैं, लेकिन दोस्ती बरकरार रहेगी। इन दोनों नेताओं के बयानों के बाद दोनों दलों के साथ आने की अटकलें लगीं।












Click it and Unblock the Notifications