विधानसभा में उद्धव ठाकरे की गैरमौजूदगी पर सियासी घमासान, फडणवीस बोले- सदन में काम रूकना नहीं चाहिए
मुंबई, दिसंबर 22। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की तबियत को लेकर राज्य की सियासत में गहमागहमी शुरू हो गई है। राज्य विधानसभा में शीतकालीन सत्र के पहले दिन उद्धव ठाकरे की अनुपस्थिति ने कई अटकलों को हवा दे दी है, जिसके बाद उद्धव ठाकरे के बेटे और मंत्री आदित्य ठाकरे ने मीडिया के सामने आकर बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की हालत एकदम ठीक है, मैंने उनसे फोन पर बात की है, वो जल्द ही विधानसभा में नजर आएंगे।

फडणवीस ने उद्धव ठाकरे की गैरमौजूदगी पर साधा निशाना
आदित्य ठाकरे के बयान के बाद भी उद्धव ठाकरे की अनुपस्थिति को लेकर हो रही बयानबाजियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि अगर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की तबीयत ठीक नहीं है तो वो राज्य विधानसभा में नहीं आ सकते। इस पर हमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन अगर उनकी तबियत ठीक है तो उन्हें विधानसभा में आना चाहिए, विधानसभा के अंदर काम रूकना नहीं चाहिए। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वो चाहें तो अपने किसी मंत्री को कार्यभार सौंप सकते हैं।
उद्धव ठाकरे की हुई है सर्वाइकल स्पाइन सर्जरी
आपको बता दें कि 61 साल के उद्धव ठाकरे की हाल ही में सर्वाइकल स्पाइन की सर्जरी हुई थी, जिसके बाद से वो रेस्ट पर हैं। बुधवार को भी उन्होंने कैबिनेट की मीटिंग में वीडियो कॉल के जरिए ही हिस्सा लिया था। इसके अलावा शिवसेना विधायकों के साथ भी एक मीटिंग में वो वीडियो कॉल के जरिए ही शामिल हुए थे।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संसद के शीतकालीन सत्र की समाप्ति के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की बैठक में शिवसेना सांसदों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य के बारे में पूछा था। वहीं महाराष्ट्र में बीजेपी के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने ये कहा था कि अगर सीएम स्वस्थ नहीं हैं तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं देवेंद्र फडणवीस का कहना है कि अगर सीएम का स्वास्थ्य ठीक नहीं है तो उन्हें अपने कैबिनेट मंत्रियों को कार्यभार सौंप देना चाहिए, लेकिन लगता है उन्हें अपने मंत्रियों पर भी भरोसा नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications