BMC Voting Controversy: स्याही मिटाने के आरोप पर राज ठाकरे का हमला, फडणवीस बोले- 'हर बात पर बवाल गलत'
BMC Voting Controversy: मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में निकाय चुनावों के लिए मतदान जारी है। इस बीच बीएमसी में वोटिंग के दौरान स्याही (इंक) को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने मतदान में इस्तेमाल की जा रही नई स्याही पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्याही इस्तेमाल की गई है, जिसे मिटाया जा सकता है। इस पर पलटवार करते हुए सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हर मुद्दे पर बवाल नहीं होना चाहिए।
राज ठाकरे के आरोपों पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने जवाब दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसी कोई समस्या है, तो चुनाव आयोग से जाकर बात करनी चाहिए। बता दें कि बीएमसी चुनाव के नतीजे सिर्फ मुंबई के लिए नहीं बल्कि पूरे महाराष्ट्र की राजनीति पर बड़े पैमाने पर असर डाल सकता है।

BMC Voting Controversy: राज ठाकरे ने स्याही पर उठाए सवाल
राज ठाकरे ने कहा कि पहले जिस स्याही का इस्तेमाल होता था, उसकी जगह अब एक नया पेन इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस स्याही को लेकर शिकायतें मिली हैं। एमएनएस प्रमुख ने कहा, 'ऐसा सुनने में आया है कि अगर हाथ पर लगी स्याही पर सैनिटाइजर लगाया जाए तो वह मिट जाती है।' राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि यह ऐसी स्याही है कि कोई बाहर जाकर उसे पोंछ देगा और दोबारा अंदर जाकर वोट डाल सकता है। उन्होंने दावा किया कि एक व्यक्ति को दो बार मतदान करते हुए पकड़ा भी गया है।
'सत्ता में बने रहने के लिए हर तिकड़म चला रहे'
राज ठाकरे ने इस पूरे मामले को सत्ता में बने रहने की कोशिश बताते हुए कहा कि सरकार कुछ भी कर सकती है। उन्होंने शिवसेना और मनसे कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता से भी सतर्क रहने की अपील की। ठाकरे ने कहा कि जब इस तरह के कथित फर्जी तरीकों से कोई सत्ता में आता है, तो उसे निष्पक्ष चुनाव नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा, 'सत्ता में बने रहने के लिए सारी तिकड़म लगाई जा रही है।'
CM Fadnavis ने आरोपों पर दिया जवाब
इस बयान पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया दी है। नागपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए फडणवीस ने कहा कि उन्हें भी मतदान के दौरान मार्कर लगाया गया है और उनकी स्याही नहीं मिटी। उन्होंने कहा कि अगर स्याही को लेकर कोई तकनीकी समस्या है तो चुनाव आयोग को इस पर जरूर ध्यान देना चाहिए। जरूरत पड़े तो कोई अन्य विकल्प, यहां तक कि ऑयल पेंट का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
Raj Thackeray के आरोपों को सीएम ने नकारा
हालांकि, फडणवीस ने राज ठाकरे के आरोपों को बेवजह का हंगामा करार दिया। उन्होंने कहा कि हर बात पर सवाल खड़े करना और माहौल खराब करना गलत है। चुनाव निष्पक्ष तरीके से हो रहे हैं और किसी भी तरह की गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग पूरी तरह सक्षम है।
बीएमसी चुनाव जैसे बड़े नगर निकाय चुनावों में मतदान की पारदर्शिता बेहद अहम मानी जाती है। ऐसे में स्याही को लेकर उठा यह विवाद राजनीतिक बयानबाजी के साथ-साथ चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर भी बहस को हवा दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications