BMC ने मास्क नहीं लगाने वाले लोगों पर जमकर ठोका जुर्माना, अब तक 77 करोड़ रुपए से उपर का आया कलेक्शन
मुंबई, अक्टूबर 25। देश में कोरोना महामारी का खतरा अभी भी बरकरार है और सरकार की तरफ से लगातार कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील लोगों से की जा रही है, ताकि संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके, लेकिन लोग हैं कि कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ाने में लगे हैं। इसका उदाहरण है महाराष्ट्र का मुंबई शहर, जहां पर मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीएमसी ने अब तक 77 करोड़ रुपए की राशि वसूल ली है।

सितंबर में रोजाना औसतन 10 हजार रुपए का होता था फाइन
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, रविवार तक मास्क नहीं पहनने वालों पर एक्शन लेते हुए बीएमसी ने जुर्माना लगाते हुए 77,37,41,000 रुपये इकट्ठा कर लिए हैं। आपको बता दें कि इससे पहले सितंबर के महीने में बीएमसी ने बताया था कि मास्क नहीं लगाने वाले लोगों पर औसतन 10 हजार रुपए का जुर्माना रोजाना लगाया जा रहा है।
अप्रैल 2020 से मुंबई में लग रहा है मास्क नहीं लगाने पर जुर्माना
आपको बता दें कि मुंबई पुलिस सार्वजनिक जगह पर फेस मास्क नहीं लगाने वालों पर 200 रुपए का जुर्माना लगाती है। मुंबई में अप्रैल 2020 से ही मास्क नहीं लगाने पर जुर्माना वसूला जा रहा है। ये वो वक्त था जब देश में कोरोना महामारी की शुरुआत ही हुई थी। अब, निगम ने खुलासा किया है कि पिछले 572 दिनों में वसूला गया जुर्माना 77 करोड़ रुपये को पार कर गया है।
पिछले हफ्ते प्रतिबंधों में दी गई थी ढील
आपको बता दें कि मुंबई में बीएमसी ने पिछले कोरोना के प्रतिबंधों में कुछ ढील का ऐलान किया था। इसमें सिनेमा हॉल, ड्रामा थिएटर और ऑडिटोरियम को फिर खोलने का ऐलान किया गया था। प्रशासन ने मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की सलाह देते हुए ढील का ऐलान किया था।
महाराष्ट्र में कोरोना की स्थिति
राज्य के अंदर रविवार को कोरोना के 1410 नए मामले दर्ज किए गए थे, जिसके बाद कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 66,02,961 हो गई थी। इसके अलावा महाराष्ट्र में कुल 1,40,016 लोगों की मौत संक्रमण के कारण हो चुकी है। आपको बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर में महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य रहा था।












Click it and Unblock the Notifications