NEET UG 2024 Paper Leak: नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई का बड़ा एक्शन, महाराष्ट्र से एक आरोपी गिरफ्तार
NEET UG 2024 Paper Leak: नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने नन्जुने धप्पा को महाराष्ट्र के लातूर से गिरफ्तार किया है। सीबीआई का दावा है कि छात्रों से पैसे लेकर वह उनके नंबर बढ़ाने का दावा करता था।
नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम महाराष्ट्र के लातूर में कार्रवाई कर रही है। लातूर पुलिस की एसआईटी ने सीबीआई को नीट पेपर लीक केस ट्रांसफर कर दिया था। अब केंद्रीय जांच एजेंसी इस मामले की पड़ताल कर रही है।

महाराष्ट्र पुलिस की एटीएस को 21 जून को नीट परीक्षा घोटाले में जिला परिषद स्कूल के शिक्षकों की संलिप्तता की जानकारी मिली थी। इस पर लातूर के टाकली स्थित जिला परिषद के स्कूल शिक्षक संजय तुकाराम जाधव, लातूर के कटपुर स्थित जिला परिषद स्कूल के प्रधानाध्यापक जलीलखाम पठान को पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
दोनों के मोबाइल फोन की जांच की गई थी। इसमें पुलिस को कुछ संदिग्ध डिटेल मिली थी। इसी बिनाह पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया था। लातूर पुलिस की एसआईटी अब यह केस सीबीआई को सौंप चुकी है। सीबीआई ने बिहार, झारखंड और गुजरात में पेपर लिक के मामले को लेकर अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी भी की है।
जांच के दौरान लातूर पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी छात्रों से नीट परीक्षा में उत्तीर्ण करने के लिए 5 लाख रुपए तक की डिमांड कर रहे हैं। इस बाबत संजय जाधव, जलील पठान, ईरन्ना और गंगाधर के खिलाफ लातूर के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर भी दर्ज की गई थी।
अब जब यह मामला जांच के लिए सीबीआई के पास आ चुका है तो सीबीआई ने इस मामले में नन्जुने धप्पा को गिरफ्तार किया है। सीबीआई का आरोप है कि वह छात्रों से पैसे लेकर उनके नंबर बढ़ाने का दावा करता था।












Click it and Unblock the Notifications