'नितेश राणे के होटल में मिलता है मटन-मच्छी', कौन है ये BJP नेता? वर्चुअल' कुर्बानी सलाह पर मंत्री की खोली पोल
Bakrid Virtual Qurbani Row: ईद-उल-अजहा यानी बकरीद नजदीक आते ही महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी नेता और मंत्री नितेश राणे के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। राणे ने मुसलमानों को "वर्चुअल कुर्बानी" करने की सलाह देते हुए कहा कि बकरे की तस्वीर की कुर्बानी कंप्यूटर पर दी जा सकती है। उनके इस बयान पर अब उनकी ही पार्टी के नेता हाजी अराफत शेख ने तीखा पलटवार किया है।
"धर्म नहीं, अपने कारोबार पर ध्यान दें"
हाजी अराफत शेख ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि नितेश राणे को धार्मिक मामलों में बयान देने के बजाय अपने परिवार के मटन और नॉनवेज कारोबार पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राणे परिवार लंबे समय से गोश्त के कारोबार से जुड़ा रहा है और इसी व्यवसाय के दौरान नारायण राणे ने राजनीति में अपनी पहचान बनाई।

"नारायण राणे खुद सुनाते थे किस्से"
अराफत शेख ने कहा कि नारायण राणे अक्सर उन्हें पुराने दिनों की बातें बताते थे। उनके मुताबिक, राणे कहा करते थे कि वे सांगली, सातारा और कोल्हापुर की मंडियों से बकरे खरीदकर अपनी दुकान तक लाते थे और उन्हें बकरी बाजार की परेशानियों की पूरी जानकारी है।
'नितेश राणे के होटल में मिलता है मटन-मच्छी'
हाजी अराफत शेख ने नितेश राणे के निजी व्यवसाय पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नितेश राणे का एक होटल उनकी मां के नाम पर चलता है, जो मटन मसाला, ताजी मछली और क्रैब डिशेज के लिए काफी मशहूर है। शेख ने तंज कसते हुए कहा कि राणे को अपने होटल और मटन की दुकान पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
"कागज का बकरा काटने" वाले बयान पर हमला
नितेश राणे के "कागज पर बकरा बनाकर काटने" और "वर्चुअल कुर्बानी" वाले बयान पर अराफत शेख ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "लगता है नितेश राणे बचपन में कागज की नाव बनाने में माहिर रहे होंगे, तभी उन्हें कागज से इतना लगाव है।"
"रविवार को मटन छोड़ कागज खाकर देखें"
अराफत शेख यहीं नहीं रुके। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर नितेश राणे रविवार को मटन खाते हैं, तो एक दिन उसकी जगह कागज खाकर देखें, तब उन्हें फर्क समझ आएगा। इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है।
Who is Haji Arafat Sheikh: कौन है ये भाजपा नेता, नितेश राणे की खोली पोल?
महाराष्ट्र की राजनीति में मुस्लिम समुदाय के प्रमुख चेहरों में गिने जाने वाले हाजी अराफत शेख बीजेपी से जुड़े नेता हैं। अल्पसंख्यक समाज में उनकी सक्रिय मौजूदगी और बेबाक बयानों की वजह से वह अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। राजनीतिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक मुद्दों पर भी उनकी खुलकर राय सामने आती रही है।
हाजी अराफत शेख महाराष्ट्र राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने PPE किट पहनकर ईद की नमाज अदा करने की अनुमति देने की मांग उठाई थी, जिसके बाद उनका बयान काफी चर्चा में रहा था।
दिसंबर 2023 में उनका नाम तब फिर सुर्खियों में आया, जब अयोध्या में प्रस्तावित नई मस्जिद की डेवलपमेंट कमेटी का प्रमुख उन्हें बनाया गया। इस फैसले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में काफी चर्चा हुई थी। वहीं अब हाजी अराफत शेख महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे के "वर्चुअल कुर्बानी" वाले बयान पर प्रतिक्रिया देकर चर्चा में हैं।












Click it and Unblock the Notifications