महाराष्ट्र: ED के सामने पेश न होने पर देशमुख की सफाई, बीजेपी ने बताया 'बचने के हथकंडे'
मुबई, 2 जुलाई। मुंबई में वसूली कराने के आरोपों से घिरे महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री और एनसीपी नेता अनिल देशमुख अब ईडी के सामने पेश न होने को लेकर घिरते नजर आ रहे हैं। देशमुख के खिलाफ ईडी मनी लॉण्ड्रिंग के आरोपों की भी जांच कर रही है और दो बार पूछताछ के लिए बुला चुकी है। ईडी के द्वारा दो बार बुलाए जाने पर पेश न होने को लेकर वह विपक्ष के निशाने पर हैं। बीजेपी ने कहा है कि अनिल देशमुख ईडी के सामने पेश न होने के लिए बहाने कर रहे हैं। हालांकि अनिल देशमुख ने कहा है कि वह पहले भी सहयोग करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।

अनिल देशमुख ने कहा है कि "ईडी ने मुझे दस्तावेजों के साथ पेश होने के लिए दो समन भेजे हैं जिनका मैने दो विस्तृत पत्रों के साथ जवाब दिया है। जिसमें ईसीआईआर की एक प्रति और साथ ही आवश्यक दस्तावेजों की एक सूची प्रदान करने का अनुरोध किया है जिससे मैं इन दस्तावेजों का मिलान कर सकूं और उन्हें भेज सकूं।
देशमुख ने आगे कहा कि "मैने ईडी को लिखे पत्र में दूसरे मामलों का भी विस्तार से जिक्र किया है। मैने पहले भी ईडी के साथ सहयोग किया है और आगे भी करता रहूंगा।"
बीजेपी ने साधा निशाना
अनिल देशमुख के ईडी के सामने पेश न होने को लेकर बीजेपी ने निशाना साधा है। महाराष्ट्र में बीजेपी विधायक आशीष शेट्टार ने कहा यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक व्यक्ति जो खुद गृहमंत्री था वह इन हथकंडों के सहारे बचने की कोशिश कर रहा है।
शेट्टार ने आगे पूछा "जब वह (देशमुख) खुद गृहमंत्री थे तो क्या उन्होंने इस बात पर विचार किया था जब अर्नब गोस्वामी को गिरफ्तार किया गया था?"
क्या है मामला?
बता दें कि ईडी के दो बार बुलाए जाने के बावजूद अनिल देशमुख ईडी के सामने पेश नहीं हुए हैं। अनिल देशमुख ने ईडी को लिखे पत्र में ऑनलाइन तरीके से बयान दर्ज कराने की मांग की है। ईडी ने देशमुख के दो करीबियों को पहले ही गिरफ्तार किया हुआ है।
मुंबई के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह ने अनिल देशमुख पर आरोप लगाया था कि वह पुलिस के जरिए मुंबई के रेस्टोरेंट और बार से वसूली करवा रहे थे। परमबीर सिंह ने जब आरोप लगाया था तो अनिल देशमुख गृहमंत्री थे लेकिन आरोपों के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। ईडी की जांच में पता चला था कि मुंबई के 10 बार मालिकों ने तीन महीने के लिए 4 करोड़ की रकम का भुगतान किया था।












Click it and Unblock the Notifications