Andheri East bypolls: राज ठाकरे की अपील के बाद भाजपा ने ऋतुजा लटके के खिलाफ वापस लिया अपना उम्मीदवार
अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में अब भारतीय जनता पार्टी ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला लिया है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर उनसे अपील की थी कि अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट पर वह उम्मीदवार ना उतारें क्योंकि यह सीट रमेश लटके के निधन के बाद खाली हुई है और उनकी विधवा पत्नी ऋतुजा लटके यहां से उद्धव ठाकरे गुट की ओर से उम्मीदवार हैं। राज ठाकरे ने फडणवीस को पत्र लिखकर अपील की थी कि महाराष्ट्र की यह संस्कृति रही है कि अगर किसी मौजूदा विधायक की मृत्यु होती है और उसी परिवार का कोई सदस्य चुनाव लड़ता है तो उसके खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारा जाता है।
Recommended Video

राज ठाकरे की अपील के बाद महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने ऐलान किया कि पार्टी मुंबई के अंधेरी ईस्ट विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में अपने उम्मीदवार को वापस लेगी। बता दें कि भाजपा ने मुर्जी पटेल को यहां से उम्मीदवार घोषित किया था। लेकिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के ऐलान के बाद अब मुर्जी पटेल अपना नामांकन वापस लेंगे। ऐसे में भाजपा के इस फैसले के बाद अब ऋतुजा लटके का निर्विरोध चुनाव जीतना लगभग तय है।
जिस तरह से राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर उनसे अपील की थी उसके बाद फडणवीस ने इस बात का भरोसा दिलाया था कि वह इस बाबत अपने वरिष्ठ सहयोगियों से बात करेंगे। उन्होंने कहा था कि पार्टी में मैं अकेला फैसले नहीं लेता, इस बारे में मुझे अपने वरिष्ठ सहयोगियों से बात करनी होगी। अब हमारे साथ शिवसेना के एकनाथ शिंदे भी हैं, उनसे भी चर्चा करनी होगी। देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि हमारी पार्टी ने उम्मीदवार का भी ऐलान कर दिया है, ऐसे में शीर्ष स्तर पर बातचीत करने के बाद ही इसपर फैसला लिया जाएगा। अहम बात है कि राज ठाकरे के पत्र लिखने के अगले ही दिन भाजपा ने अपना उम्मीदवार वापस लेने का ऐलान कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications