Andheri East bypoll: भाजपा और शिंदे गुट साथ लड़ेंगे चुनाव, उद्धव गुट के उम्मीदवार ने लगाया दबाव डालने का आरोप
महाराष्ट्र के अंधेरी ईस्ट चुनाव को लेकर उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाला शिवसेना धड़ा अंधेरी पूर्व उपचुनाव एक साथ लड़ेगा। उपमुख्यमंत्री का यह बयान चुनाव आयोग की तरफ से बालासाहेबंची शिव सेना के सीएम के नेतृत्व वाले समूह को 'ढाल तलवार' या 'दो तलवारें और एक ढाल' चिह्न आवंटित किए जाने के एक दिन बाद आया है। फडणवीस ने कहा कि मुख्यमंत्री और मैं चुनाव के लिए उम्मीदवार का फैसला जल्द करेंगे।

वहीं, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट ने उपचुनाव के उम्मीदवार को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि मुंबई में 3 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए उसकी संभावित उम्मीदवार ऋतुजा लटके पर भाजपा की तरफ से दबाव डाला जा रहा है। इधर लटके बीएमसी वार्ड में क्लर्क के रूप में अपना इस्तीफा सौंप चुकी हैं। लेकिन उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ है। इस मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई गुरुवार को यानि कि 13 अक्टूबर को होगी।
बीएमसी वार्ड में क्लर्क के रूप में इस्तीफा देने के बाद लटके, शिवसेना नेता विश्वनाथ महादेश्वर के साथ मीडिया के सामने आईं थीं। इस दौरान उन्होंने कहा था कि मैं चुनाव केवल मशाल चिह्न पर ही लडूंगी। आपको बता दें कि मशाल का निशान शिवसेना ग्रुप को सौंपा गया है।
वहीं, महादेश्वर ने लटके के इस्तीफे को मंजूर नहीं करने के पीछे शिंदे ग्रुप का हाथ बताया है। उन्होंने कहा कि निकाय अधिकारी शिंदे सरकार के दबाव में हैं। इसलिए वो लटके का इस्तीफा नहीं मंजूर कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास प्लान बी तैयार है।
इधर लटके के वकीलों का कहना है कि बीएमसी ने 3 अक्टूबर को दिए गए उनके इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया था, इसलिए उनके लिए 14 अक्टूबर को नॉमिनेशन फाइल करना संभव नहीं होगा। आपको बता दें कि अंधेरी ईस्ट सीट पर शिवसेना ने जीत दर्ज की थी। यह सीट मौजूदा विधायक और ऋतुजा लटके के पति रमेश लटके की मृत्यु के कारण खाली हुई है। ऐसे में जून में सरकार गिरने के बाद इस सीट को जीतना शिवसेना के लिए साख की लड़ाई जैसा हो गया है।
ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र: ठाकरे और शिंदे में किसी को नहीं मिलेगा शिवसेना का चुनाव चिन्ह, उपचुनाव से पहले EC का आदेश












Click it and Unblock the Notifications