Maharashtra Politics:'अजित पवार को भी CM बनने का मौका मिलेगा': प्रफुल्ल पटेल ने किस वजह से किया ऐसा दावा?
एनसीपी के बड़े नेता और राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल ने कहा है कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार प्रदेश के लोकप्रिय और हेवीवेट नेता हैं और एकदिन उन्हें भी मुख्यमंत्री बनने का मौका मिलेगा।
गौरतलब है कि हाल ही में महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने दावा किया था कि 10 अगस्त के आसपास अजित पवार राज्य के अगले सीएम नियुक्त होंगे। हालांकि, महाराष्ट्र के एक और डिप्टी सीएम और बीजेपी के दिग्गज नेता देवेंद्र फडणवीस ने उनके दावे को यह कहकर खारिज कर दिया था कि एकनाथ शिंदे सीएम हैं और वही बने रहेंगे।

अजित पवार एक लोकप्रिय और हेवीवेट नेता हैं- प्रफुल्ल पटेल
लेकिन, अब महाराष्ट्र में अजित पवार के मुख्यमंत्री बनने को लेकर जारी अटकलबाजियों पर जब पटेल से पूछा गया तो उन्होंने नागपुर में संवाददाताओं से कहा कि यह पद (सीएम का पद) खाली नहीं, फिर इसके बारे में क्या बात करें। इसके साथ ही वे बोले, 'अजित पवार एक लोकप्रिय और हेवीवेट नेता हैं। कई वर्षों से वे हमारी पार्टी की अगुवाई कर रहे हैं।'
'अजित दादा को भी यह मौका मिलेगा...हम उस दिशा में काम करेंगे'
प्रफुल्ल पटेल ने कहा, 'जो काम करता है, उसे मौका मिलता है, चाहे आज, कल या फिर परसों। बहुतों को मौका मिला है। अजित दादा को भी यह मिलेगा, अगर आज नहीं तो कल या भविष्य में कभी भी। हम उस दिशा में काम करेंगे।'
2 जुलाई को बीजेपी-शिवसेना सरकार में शामिल हुए थे अजित पवार
अजित पवार एनसीपी के अन्य 8 एमएलए के साथ इसी महीने की 2 जुलाई को शिवसेना-बीजेपी गठबंधन सरकार में शामिल हो गए थे। अजित पवार को डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ दिलाई गई थी और बाकी एनसीपी विधायकों को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई थी। बाद में एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार के भतीजे को महत्वपूर्ण वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विपक्ष के दावों का सीएम शिंदे और डिप्टी सीएम फडणवीस ने किया है खंडन
इससे पहले महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे भी यह कह चुके हैं कि अजित पवार के उनकी सरकार में शामिल होने से उनको कोई खतरा नहीं है। जबकि, फडणवीस सीएम बदलने जाने के विपक्षी दावों की सरेआम खिल्ली उड़ा चुके हैं।
'मैं नहीं समझता कि ऐसा होगा'
वहीं खुद के केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में मंत्री बनाए जाने की संभावना से जुड़े सवालों पर पटेल ने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल या विस्तार पर कोई चर्चा नहीं हुई है। उन्होंने कहा, 'मैं नहीं समझता कि ऐसा होगा।'
पटेल अभी राज्यसभा में हैं। लेकिन, लोकसभा के निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े सवाल पर वे बोले कि 'मेरा चुनाव क्षेत्र हमेशा भंडारा-गोंदिया रहेगा।' एनसीपी नेता पहले महाराष्ट्र की भंडारा-गोंदिया लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications