'मैंने उनसे फोन पर बात की, चिंता की कोई बात नहीं...', शरद पवार के आशीर्वाद पर क्या बोले अजित?
Maharashtra politics Ajit Pawar News: महाराष्ट्र के नए उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने दावा किया है कि उन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) का समर्थन मिला हुआ है।
शरद पवार और सुप्रिया सुले का नाम लिए बिना अजित पवार ने कहा कि उन्हें सभी का आशीर्वाद प्राप्त है। शरद पवार के आशीर्वाद पर अजीत पवार ने कहा, "इसमें हर कोई शामिल है। आप इंतजार कीजिए और देखिए...।''

अजीत पवार ने कहा, ''हम एनसीपी हैं। हम एनसीपी के चुनाव चिह्न से चुनाव लड़ेंगे। चिंता की कोई बात नहीं है। मैंने शरद पवार से फोन पर बात की है। हम एनसीपी को कुशलता से चलाएंगे, इसे और मजबूत करेंगे। मैंने जो कहा है वह आधिकारिक है।''
अजीत पवार ने कहा, 'पार्टी के नाते हमने ये फैसला लिया है। पूरे विधायक हमारे साथ हैं, पार्टी के सांसद हमारे साथ हैं। पार्टी के कार्यकर्ता हमारे साथ हैं।'
अजीत पवार ने कहा, कई लोग हमारी आलोचना करेंगे लेकिन हमें उनको महत्व नहीं देना है। हम महाराष्ट्र की प्रगति के लिए काम करते रहेंगे। इसीलिए हमने यह फैसला लिया है। हमारे अधिकांश विधायक हमारे फैसले से संतुष्ट हैं। हमने एनसीपी पार्टी के साथ इस सरकार का समर्थन किया है। हम सभी चुनाव एनसीपी के नाम पर ही लड़ेंगे।''
अजीत पवार के बयान के बाद क्या बोले शरद पवार...?
अजीत पवार के बयान देने के बाद शरद पवार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। शरद पवार ने कहा, ''दो दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एनसीपी के बारे कहा था कि एनसीपी खत्म हो चुकी पार्टी है। उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र किया था। लेकिन अब मुझे खुशी है कि मेरे कुछ साथियों ने आज शपथ ली है। उनका सरकार (महाराष्ट्र) में शामिल होने से यह स्पष्ट है कि वे सभी आरोप मुक्त हो गए हैं।''
शरद पवार ने कहा, ''मैंने 6 जुलाई को सभी नेताओं की एक बैठक बुलाई थी जहां कुछ अहम मुद्दों पर चर्चा होनी थी और पार्टी के भीतर कुछ बदलाव किए जाने थे लेकिन उससे पहले ही कुछ नेताओं ने अलग रुख अपनाया है।''
उन्होंने कहा, ''ये कोई नई बात नहीं है, पार्टी में पहले भी ऐसा हो चुका है। 1980 में मैं जिस पार्टी का नेतृत्व कर रहा था, उसके 58 विधायक थे, बाद में सभी चले गए और केवल 6 विधायक बचे, लेकिन मैंने संख्या को मजबूत किया और जिन्होंने मुझे छोड़ा वे अपने निर्वाचन क्षेत्रों में हार गए।''












Click it and Unblock the Notifications